इटारसी। अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, इटारसी पुलिस ने आज 18 बंगला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 14,000 रुपये कीमत की 25 लीटर देशी प्लेन मदिरा जब्त की है।
थाना इटारसी से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 18 बंगला क्षेत्र में दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए वरिष्ठ आरक्षक शाकिर खान और आरक्षक मुकेश झाड़े ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।गिरफ्तार किए गए व्यक्ति ने अपना नाम विशाल पिता राजा घावरी (उम्र 27 साल, निवासी व्यास कॉलोनी, इटारसी) बताया। उसके कब्जे से 140 देशी प्लेन मदिरा के क्वाटर (कुल 25 लीटर) जब्त किए गए।
पूछताछ में विशाल ने बताया कि भागे हुए व्यक्ति का नाम बादल कुचबंदिया है और जब्त की गई शराब उसी की है। विशाल के अनुसार, बादल उसे प्रतिदिन 400 रुपये के हिसाब से शराब बेचने के लिए देता था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विशाल घावरी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी अधिनियम और फरार आरोपी बादल कुचबंदिया के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी अधिनियम और 49 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।इस कार्रवाई को सफल बनाने में वरिष्ठ आरक्षक शाकिर खान और आरक्षक मुकेश झाड़े की सराहनीय भूमिका रही।










