नर्मदापुरम। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा (भापुसे) के निर्देशानुसार, नर्मदापुरम जिले में अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत, थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 241.99 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 97,380 रुपए है।
45 लीटर देशी मदिरा जब्त, आरोपी फरार
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पानी की टंकी के पास, कचरापट्टी स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर दबिश दी। सूचना थी कि अवैध शराब विक्रेता नीतेश उर्फ रीतेश कुचबंदिया ने यहां शराब छुपा रखी है। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी नीतेश उर्फ रीतेश कुचबंदिया मौके से भाग निकला। पुलिस ने तलाशी के दौरान खाकी रंग के सीलबंद कार्टून में रखी 05 पेटी देशी मदिरा प्लेन (कुल 45 लीटर) बरामद की, जिसकी कीमत 15,000 रुपए है। आरोपी नीतेश उर्फ रीतेश कुचबंदिया के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
82 हजार की अवैध बीयर और व्हिस्की जब्त
एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आयुष लुटारे 20 वर्ष, निवासी कोठी बाजार नर्मदापुरम को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध बीयर और व्हिस्की की विभिन्न ब्रांडों की बोतलें और क्वार्टर जब्त किए। जब्त शराब में हंटर बीयर, हेवर्ड 5000 बीयर, पावर 10000 बीयर, मेक डवल नं.1 व्हीस्की, 08 पीएम व्हीस्की, बेग पाईपर व्हीस्की, देशी मदिरा प्लेन, ऑफिसर चॉइस व्हीस्की, ब्लेंडर्स प्राईड व्हीस्की और मैजिक मोमेंट वोडका शामिल हैं। आरोपी आयुष लुटारे से कुल 196.99 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 82,380 रुपए है। यह शराब उसके कब्जे में बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के पाई गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस मामले में एक अन्य आरोपी सुरेन्द्र लुटारे (पिता विष्णु प्रसाद लुटारे फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
अभियान में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
दोनों मामलों में जब्त अवैध शराब की कुल मात्रा 241.99 लीटर तथा कुल कीमत 97,380 रुपए रही। यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन और एसडीओपी नर्मदापुरम जितेंद्र पाठक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विशाल नागवे, हेमंत निशोद, जितेंद्र चौहान सहित प्रधान आरक्षक और आरक्षकों की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।








