नर्मदापुरम। माखन नगर पुलिस ने दो महीने से फरार चल रहे गबन के आरोपी राममोहन यादव को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने पेट्रोल पंप से 1.10 लाख रुपए लेकर बैंक में जमा करने के बजाय फरार हो गया था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम गुरुकरण सिंह और अनुविभागीय अधिकारी सोहागपुर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 03 जून, 2025 को आरोपी राममोहन यादव, जो कि माखन नगर के श्री पेट्रोल पंप पर लेखा-जोखा और कैश कलेक्शन का काम करता था, दोपहर 12 बजे बैंक में 1.10 लाख रुपए जमा करने गया था। उसने ये पैसे एसडीएफसी बैंक, माखन नगर में जमा नहीं किए और लेकर फरार हो गया। इस घटना के बाद, थाना माखन नगर में अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस टीम की कार्रवाई
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक टीम का गठन किया, जिसने आरोपी की तलाश शुरू की। 23 अगस्त, 2025 को पुलिस टीम ने आरोपी राममोहन यादव (उम्र 32 वर्ष, निवासी बागलखेड़ी) को इंदौर के किशनगंज थाना क्षेत्र में स्थित विश्वास नगर चौपाटी से हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से गबन की गई पूरी राशि 1.10 लाख रुपए भी बरामद कर ली है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मदनलाल पवार, उपनिरीक्षक कमलेश ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक गोपाल पाल, प्रधान आरक्षक अजय रघुवंशी, आरक्षक दुर्गेश मालवीय, और साइबर सेल से आरक्षक दीपेश सोलंकी व सौरभ बंसल (प्राइवेट चालक) की विशेष भूमिका रही।









