इटारसी। नर्मदापुरम जिले की अंडर-17 बालिका क्रिकेट टीम ने राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। नर्मदापुरम की ‘शेरनियों’ ने कड़े मुकाबले में इंदौर को 10 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में इंदौर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नर्मदापुरम की टीम ने निर्धारित ओवरों में जुझारू प्रदर्शन करते हुए 95 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर की टीम नर्मदापुरम की कसी हुई गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम 85 रनों पर ऑल आउट हो गई।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन
नर्मदापुरम की जीत में पूर्वी वाघड़े का ऑलराउंड प्रदर्शन निर्णायक साबित हुआ। उन्होंने बल्ले से शानदार 30 रन बनाए और गेंदबाजी में 2 महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाए। वहीं, आफिया अली ने बल्लेबाजी में 29 रनों की उपयोगी पारी खेली और गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए अपने 3 ओवरों में सिर्फ 7 रन दिए। गेंदबाजी में महक यादव ने भी 2 विकेट हासिल करके टीम को मजबूती दी। विकेटकीपर वंशिका पाल ने मैच के दौरान शानदार स्टंपिंग की, जबकि शुभि सिंगारे और आरोही दुबे ने भी अपने हरफनमौला योगदान से टीम की जीत सुनिश्चित की।
इटारसी के लिए गौरव का क्षण
यह जीत कैडबरी क्रिकेट अकादमी, न्यू यार्ड इटारसी के लिए भी गौरव का पल लेकर आई है। अकादमी की चार प्रतिभाशाली छात्राएं आफिया अली, शुभि सिंगारे, आरोही दुबे और वंशिका पाल इस विजेता नर्मदापुरम टीम का हिस्सा रहीं। नर्मदापुरम की टीम अब फाइनल में राज्य स्तरीय खिताब के लिए भिड़ेगी।








