नर्मदापुरम। अखिल विश्व गायत्री परिवार नर्मदापुरम ने दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा पर्व बड़े हर्ष उल्लास के साथ गायत्री शक्तिपीठ नर्मदापुरम में मनाया। प्रथम दिवस गायत्री महामंत्र का अखंड जाप सभी साधकों ने गायत्री शक्तिपीठ पर किया तथा द्वितीय दिवस गुरु पूर्णिमा पर्व पर प्रात: पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन गायत्री शक्तिपीठ सेठानी घाट नर्मदा पुरम में किया जिसमें विभिन्न संस्कार गुरु दीक्षा संस्कार सहित नामकरण संस्कार,जन्म दिवस संस्कार आदि संस्कार संपन्न कराए।
यहां लगभग 165 परिजनों ने संस्कार कराए एवं सभी परिजनों ने विश्व कल्याण की प्रार्थना करते हुए मां गायत्री को आहुतियां समर्पित कीं। गुरुदेव वेद मूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माताजी के निर्धारित अनुशासन पर चलने का संकल्प गायत्री परिजनों ने लिया। यज्ञ उपरांत सभी ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
पॉलिटेक्निक कॉलेज में गुरु पूर्णिमा मनी

गुरु पूर्णिमा पर शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज इटारसी में विद्या वन के अंतर्गत विद्यार्थियों के साथ गुरुजनों ने 16 से भी अधिक पौधे रोपे। प्राचार्य आरके चौलकर के नेतृत्व में श्रीमती पल्लवी नरवरे, रामकुमार उइके, आकाश गर्ग के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रजाति के फलदार, छायादार, फूलदार एवं औषधीय आम, जामुन, अमरूद, सीताफल, बादाम, कदंब आंवला, सतपर्णी, मधु कामिनी, चंपा, चमेली, मौलश्री आदि के पौधे रोपे।
संस्था में संजय कुलश्रेष्ठ, भवानी सिंह सोलंकी, जितेंद्र साहू, राम चरण सिंह तोमर, योगेश बरकने जियालाल सोमनाथ, श्रीमती सोनिया सराठे, सुश्री नेहा केदारे रचना श्रीवास ने रोपण किया। सुशील मरावी, रामनारायण यादव, भगवान दास, मनीष कुमार, आकाश केवट ने इनके पालन पोषण की जिम्मेदारी ली।
प्राचार्य ने बताया कि कालेज में प्रवेश प्रक्रिया अंतर्गत कालेज लेवल काउंसलिंग भी प्रारंभ है। प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को दसवीं एवं 12 वीं पास विद्यार्थी अपने मूल प्रमाण पत्र सत्यापित कर मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में सीधे प्रवेश लेकर तकनीकी शिक्षा में भविष्य बना सकते हैं।








