इटारसी। मध्यप्रदेश सरकार ने नगर निकाय चुनावों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत अब महापौर और नगर पालिका व नगर परिषद के अध्यक्षों का चुनाव सीधे जनता द्वारा किया जाएगा। इस ऐतिहासिक निर्णय का नगर पालिका परिषद इटारसी की एक महिला जनप्रतिनिधि और सभापति श्रीमती अमृता मनीष ठाकुर ने स्वागत किया है।
लोकतंत्र होगा और मजबूत
श्रीमती अमृता ठाकुर ने इस फैसले को लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता को अपना नेतृत्व सीधे चुनने का मौका मिलेगा, जिससे नगरीय निकायों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। उन्होंने कहा, ‘एक महिला जनप्रतिनिधि और सभापति होने के नाते मुझे पूरा विश्वास है कि यह निर्णय युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग के लिए राजनीति में सक्रिय भागीदारी का रास्ता खोलेगा।
‘ सरकार और मुख्यमंत्री का आभार
अमृता ठाकुर ने इस फैसले के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगर की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे इस नई व्यवस्था के तहत और अधिक सक्रिय होकर लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान दें। यह निर्णय नगरीय स्वशासन में एक महत्वपूर्ण बदलाव लाने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय नेतृत्व और जनता के बीच सीधा जुड़ाव स्थापित होगा।









