इटारसी। महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने और अपराधों की रोकथाम के लिए, थाना इटारसी पुलिस ने ‘अभिमन्यु अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाए। उप निरीक्षक श्रद्धा राजपूत और प्रधान आरक्षक दुर्गा दुबे ने शहर के प्रमुख स्थानों पर जाकर आम नागरिकों और युवाओं को जागरूक किया।
यह जागरूकता अभियान विशेष रूप से एमजीएम कॉलेज, दुर्गा उत्सव पंडाल और क्रिस्टल रिसॉर्ट के गरबा कार्यक्रम में आयोजित किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों और छात्र-छात्राओं को कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
- अपराधों की रोकथाम : स्वयं की सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदम और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
- घरेलू हिंसा : घरेलू हिंसा के मामलों में महिलाओं के कानूनी अधिकारों और पुलिस की सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में बताया गया।
- महिला सम्मान और सुरक्षित वातावरण : समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि एक सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण बन सके।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी आपात स्थिति या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। ‘अभिमन्यु अभियानÓ का लक्ष्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें यह भरोसा दिलाना है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।








