- मण्डल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ रोमांचक फाइनल
इटारसी। 12 बंगला रेल संस्थान के तत्वावधान में आयोजित अंतर-विभागीय लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार, 11 फरवरी को समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में टीआरएस-ए की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग को पराजित कर पहली बार रेल कप 2026 पर अपना कब्जा जमाया।
दबाव में बिखरी सिग्नल विभाग की टीम
खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीआरएस-ए की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में प्रतिद्वंद्वी टीम के सामने 175 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की टीम फाइनल मैच के बड़े दबाव को झेल नहीं सकी। टीआरएस-ए की सधी हुई गेंदबाजी के आगे सिग्नल विभाग के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए और पूरी टीम 15वें ओवर में मात्र 127 रनों पर ही ढेर हो गई। इस शानदार जीत के साथ टीआरएस-ए ने ट्रॉफी अपने नाम की।
अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाडिय़ों का उत्साह
समापन समारोह में भोपाल के मण्डल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ वरिष्ठ मण्डल विद्युत अभियंता (टीआरओ) सचिन शर्मा, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय, वरिष्ठ मण्डल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता, वरिष्ठ मण्डल अभियंता (समन्वय), मण्डल यांत्रिक अभियंता आशीष झारिया सहित आरके यादव, प्रवीण कुमार, अतर सिंह यादव जैसे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाडिय़ों के खेल कौशल की सराहना की और विजेता टीम को सम्मानित किया।
टूर्नामेंट के सितारे
मैच के दौरान और पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया गया।
- मैन ऑफ द सीरीज शुभम शर्मा
- मैन ऑफ द मैच फाइनल अमर गिरी
- सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज मेहुल शर्मा
- सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर कुणाल बुंदेल
- सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक मुरली विजय
- कमेंट्री आरके पांडे ने अपनी आवाज से मैच का रोमांच बढ़ाया।
प्रबंधन समिति की प्रशंसा
वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन की 12 बंगला प्रबंधन समिति के सचिव वकील सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद गोरे, दीपक कुमार, सूर्यवंशी, सचिन यादव, लेख राम मीणा, तौसीफ खान, जावेद भाई और प्रदीप प्रजापति ने इस सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने टूर्नामेंट के भव्य और अनुशासित आयोजन के लिए समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा की।










