राजपूत ने चलायी सबसे धीमी मोटर सायकिल, प्रथम स्थान पर रहे

Post by: Rohit Nage

इटारसी। नगर में दुपहिया वाहन स्कूटर या मोटर सायकल चलाने वालों के लिए स्लो ड्रायविंग प्रतियोगिता का आयोजन लायंस क्लब इटारसी सुदर्शन के सहयोग से आदर्श संस्था ने किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागी राजेन्द्र राजपूत ने धीमी गति से दुपहिया वाहन चलाने का रिकार्ड बनाया। उनकी बेस्ट टाइमिंग 2:18.21 मिनट रही। इस टाइम में उन्होंने 100 फीट के ट्रैक को पार किया। प्रतियोगिता नाला मोहल्ला क्षेत्र में और जयस्तंभ चौक से गुरुद्वारा मार्ग पर हुई। अब प्रथम विजेता को नगद पुरस्कार 5000 रुपए और विजेता ट्रॉफी एक आयोजन में प्रदान किया जाएगा।

प्रतियोगिता के प्रोत्साहन के लिए विशेष रूप से उपस्थित हुए नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि इस तरह का अनूठा आयोजन बहुत सराहनीय है। खेल भावना के साथ आप सभी भाग लेने वालों को शुभकामनाएं और साधुवाद देता हूं। प्रतिभागियों के उत्साह वर्धन के लिए शनिवार को नाला मोहल्ला क्षेत्र के पार्षद कुंदन गौर, शुभम गौर और वार्ड 25 पार्षद नाजिया बेग के पति भी उपस्थित रहे। नूर हक स्कूल संचालक, लायंस क्लब अध्यक्ष विनोद चौरे, रवि अथोत्रा, अयूब खान, अशोक मालवीय, रवींद्र सोनी, मनोज गुप्ता, अजीतसिंह छाबड़ा, आदर्श संस्था के सहयोगियों में अनिल सिंह, प्रह्लाद निकम, डॉली चौधरी, संजय मनवारे उपस्थित रहे।

संचालन राकेश पांडेय ने किया। पुरस्कार वितरण 16 मार्च शनिवार संध्या को होगा। आदर्श संस्था अध्यक्ष बीबीआर गांधी ने कहा कि ये प्रतियोगिता शहर में अन्य स्थानों पर भी कराई जाएगी जिससे स्थानीय कॉलोनी आदि में रहने वाली महिलाएं भी भाग ले सकें। यातायाम नियमों का पालन करते हुए सही तरीके से वाहन चलाने के लघु प्रशिक्षण देने का भी प्रयास किया जाएगा। जिसमें अधिकारी एवं पुलिस का सहयोग भी लिया जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!