नर्मदापुरम। देहात थाना पुलिस के हाथ श्रीरंग कॉलोनी बुधवाड़ा रोड में हुई चोरी के आरोपियों की तलाश के दौरान पुराने शातिर चोर लगे हैं। चोरी की यह घटना घनश्याम सिंह ठाकुर पिता नारायण सिंह के यहां 20 मई को हुई थी। घटना में एक स्मार्ट टीवी, चांदी के सिक्के और कुछ पैसे चोरी हुए थे।
पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुराने शातिर चोर राहुल उर्फ रीनू जाटव पिता अन्नीलाल जाटव निवासी डबल फाटक नर्मदापुरम, गेंदालाल उर्फ टिल्लू पिता कल्लू अहिरवार रामनगर कॉलोनी पिपरिया, गोविन्द जाटव पिता मदनलाल जाटव मीना मोहल्ला रसूलिया नर्मदापुरम तथा गोपी धुर्वे उर्फ गोपीकिशन पिता बदामीलाल धुर्वे उम्र 26 साल निवासी पत्ती बाजार इटारसी नर्मदापुरम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने श्रीरंग कॉलोनी में चोरी करना स्वीकार किया। चारों आरोपियों से चोरी गया सामान, ताले तोडऩे में इस्तेमाल टामी, बड़ा पेचकस एवं घटना में प्रयुक्त वाहन पल्सर मोटर सायकल कुल 1,50,000 रुपए का माल जब्त किया।
उक्त आरोपी राहुल उर्फ रीनू जाटव पिता अन्नीलाल जाटव निवासी डबल फाटक के पास इटारसी रोड नर्मदापुरम थाना देहात का निगरानी बदमाश एवं थाना जीआरपी इटारसी का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध 19 अपराध दर्ज हैं। आरोपी गोपी धुर्वे उर्फ गोपीकिशन पिता बदामीलाल धुर्वे उम्र 26 साल निवासी पत्ती बाजार इटारसी नर्मदापुरम, थाना इटारसी का निगरानी बदमाश है जिसके विरुद्ध 13 अपराध दर्ज हैं, जबलपुर का शातिर चोर है। आरोपी गेंदालाल उर्फ टिल्लू पिता कल्लू अहिरवार उम्र 36 साल निवासी रामनगर कॉलोनी पिपरिया, नर्मदापुरम के विरुद्ध 09 अपराध दर्ज है।










