इटारसी। अशोक नगर की मुस्कान रघुवंशी आज शाम को इटारसी पहुंचेंगी जहां खेड़ा पर उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा। मुस्कान महिला सशक्तिकरण को लेकर कश्मीर से कन्या कुमारी तक करीब 4 हजार किलोमीटर की सायकिल यात्रा पर निकली हैं। यह यात्रा उन सभी लड़कियों के लिए प्रेरणा है, जो सपने देखने की हिम्मत रखती हैं। ऐसा उद्देश्य लेकर चलने वाली मुस्कान के हौसले को आज सुबह मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भी सराहा।
आज मुस्कान ने भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की। सायकिल यात्रा के दौरान मुसकान का जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है। इटारसी में भी उनका स्वागत होगा। शहर के प्रवेश द्वार खेड़ा पहुंचने पर शाम 5 बजे साईं कृष्णा रिजॉर्ट के पास स्वागत होगा। इसके बाद ओवरब्रिज से पुलिस थाना, जयस्तंभ चौक, चिकमंगलूर चौराह होकर मुस्कान रेस्ट हाउस पहुंचेंगी। एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी ने नगर के लोगों से मध्यप्रदेश की इस बेटी के स्वागत की अपील की है।