सिवनी मालवा। स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा अभियान के तहत सत्र 2025-26 में अध्ययनरत विकासखंड के 137 छात्र-छात्राओं ने भोपाल स्थित उच्च शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण किया। सहायक संचालक शिक्षा योगेश मनोहरे एवं नोडल अधिकारी सुरेंद्र कुमार पाटिल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर फैशन टेक्नोलॉजी और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट की कार्यप्रणाली को समझा।
चयन प्रक्रिया और भ्रमण
भ्रमण हेतु कक्षा 10वीं के मेरिट होल्डर्स और सत्र में सर्वाधिक उपस्थिति वाले 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों का चयन किया गया था। बैरागढ़ स्थित निफ्ट संस्थान में छात्रों ने फैशन डिजाइन, प्रबंधन और तकनीकी कोर्स की जानकारी ली। उन्होंने वहां डिजाइन की जाने वाली विभिन्न सामग्रियों का अवलोकन भी किया। सोमलवाड़ा स्कूल की छात्रा टीना कुशवाहा ने बताया कि इस भ्रमण से उन्हें करियर के नए विकल्पों और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में ज्ञानवर्धक जानकारी प्राप्त हुई है। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी छात्रों को आधुनिक करियर विकल्पों और उच्च शिक्षण संस्थानों के वातावरण से रूबरू कराना था।








