- 7 टप जब्त किए, एसएनजी स्कूल से एसपी चौराहा तक हटाए ठेले
नर्मदापुरम। नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगरपालिका के अतिक्रमण दल लगातार कार्रवाई की जा रही है। नगरपालिका की टीम द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर बिना किसी वैध परमिशन के रखे सात टपों को हटाया गया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए फल सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित स्थानों पर व्यवसाय करने हेतु समझाइश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
अतिक्रमण दल प्रभारी सुनील राजपूत ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर नगर की यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए लगातार अतिक्रमण दल द्वारा कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम भी भरपूर सहयोग कर रही है।
अतिक्रमण दल द्वारा मंगलवार को एसएनजी स्कूल से लेकर एसपी आफिस चौराहा तक अवैध रूप से रखे सात टापों को जब्त कर कार्रवाई की गई। साथ ही सड़क किनारे फल सब्जी का ठेले लगाकर व्यवसाय करने वालों को हिदायत दी गई तथा उन्हें निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर व्यवसाय करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अब दोबारा सड़क किनारे मार्ग अवरूद्ध किया तो जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई की गई जाएगी।








