इटारसी। खेड़ा स्थित खाद वितरण केंद्र पर किसानों की भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए आज पुलिस ने मोर्चा संभाला। एसडीओपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा और थाना प्रभारी गौरव सिंह ने पुलिस बल के साथ मिलकर किसानों को कतार में खड़ा करवाया और अपनी मौजूदगी में उन्हें टोकन वितरित कराये। इस कदम से किसानों को लंबे इंतजार से राहत मिली और पूरे वितरण कार्य में पारदर्शिता बनी रही।
अव्यवस्था पर उठे सवाल
इस पूरी स्थिति पर किसान प्रतिनिधियों और संगठनों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर अधिकारी किसान संगठनों से सलाह-मशविरा करके टोकन वितरण या अन्य व्यवस्थाएं करते, तो यह स्थिति पैदा ही नहीं होती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों के सुझावों को नहीं सुनना चाहता।
किसान नेता रजत दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रीवा में लाठीचार्ज की घटना के बाद अधिकारियों को किसान संगठनों से बातचीत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इटारसी में प्रशासन इन निर्देशों का पालन नहीं कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि खाद वितरण के लिए केवल एक खिड़की से टोकन बांटे जा रहे हैं, जबकि काउंटर बढ़ाकर यह काम आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने यह भी पूछा कि अधिकारी व्यवस्था सुधारने के लिए क्या ठोस कदम उठा रहे हैं।








