नर्मदापुरम। 21 सितंबर 2025 को मप्र पुलिस अकादमी, भोपाल के 44 वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के 10 प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक (6) पुरुष एवं 4 महिला) 21 एवं 22 सितंबर 2025 को दो दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण भ्रमण हेतु जिला नर्मदापुरम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साईं कृष्णा एस थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम अभिषेक राजन, एसडीओपी नर्मदापुरम जितेन्द्र पाठक एवं थाना प्रभारी कोतवाली कंचन सिंह ठाकुर से मुलाकात कर जिले की भौगोलिक स्थिति, त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था और दैनिक पुलिस कार्यवाही की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम द्वारा प्रशिक्षुओं को सेवा के दौरान आने वाली चुनौतियां, पुलिस के कर्तव्य, पुलिस व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन कैसे किया जाए इस संबंध में जानकारी देते हुए अपने अनुभवों को साझा किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम ने व्यवहारिक पुलिसिंग के संबंध में जानकारी दी। एसडीओपी नर्मदापुरम एवं थाना प्रभारी कोतवाली ने त्यौहारों पर लगाई जाने वाली आंतरिक कानून व्यवस्था एवं थाने में होने वाली प्रतिदिन की कार्यवाही से अवगत कराया।
भ्रमण कार्यक्रम में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षकों ने सेठानी घाट पर अमावस्या पर्व के दौरान लगाई गई ड्यूटी का भी अवलोकन किया एवं आदमगढ़ की पहाडिय़ों का भ्रमण कर शैलचित्रों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक थाना पचमढ़ी अंतर्गत लगने वाले मेलों एवं पीटीएस पचमढ़ी में चल रहे नव आरक्षकों के बुनियादी प्रशिक्षण के बारे में विस्तार से जानने हेतु पचमढ़ी रवाना हुए। यह कार्यक्रम पुलिस प्रशिक्षण को व्यवहारिक बनाने तथा प्रशिक्षुओं को क्षेत्रीय कानून व्यवस्था से अवगत कराने हेतु आयोजित किया गया।









