- कांग्रेस की ऐसी बदजुबानी राष्ट्र सहन नहीं करेगा : विधायक
- कांग्रेस की मानसिकता ही सनातन विरोधी है : राहुल चौरे
इटारसी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सनातन विरोधी बयान का विरोध करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आज यहां भाजपा नगर मंडल इकाई के साथ जयस्तंभ चौक पर खरगे का पुतला जलाया।
इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष जयकिशोर चौधरी, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, एमजीएम कॉलेज जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नीरज जैन, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक महाला, जिला मंत्री गोपाल शर्मा, नगर भाजपा पुरानी इटारसी मंडल अध्यक्ष मयंक मेहतो, युवा मोर्चा महामंत्री शुभम सिंह राठौड़, रंजीत चावला, गोविंद श्रीवास्तव, राहिल सोनकर सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पुतला दहन कार्यक्रम में पहुंचे विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की इस तरह की बदजुबानी को यह राष्ट्र सहन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, उनकी बहन प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संकल्प लिया है कि वे हिन्दू समाज को अपमानित करेंगे। उनका यह कृत्य देश देख रहा है, उनको सबक भी सिखा रहा है, लेकिन यह विनाश काले विपरीत बुद्धि का परिचय दे रहे हैं।
नगर मंडल इटारसी के अध्यक्ष राहुल चौरे ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का बयान उनकी सनातन विरोधी मानसिकता का प्रतीक है। कुंभ में हर वर्ग के लोग डुबकी लगा रहे हैं और यह बयान सनातन विरोधी है, हम इसकी निंदा करते हैं और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए भाजयुमो के साथ भाजपा ने भी आज यहां जयस्तंभ चौक पर मल्लिकार्जुन खरगे का पुतला जलाया है।









