इटारसी। भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा प्रायोजित उपभोक्ता जागरूकता अभियान के अंतर्गत अलवीरा एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से ग्राम पंचायत जमानी एवं ग्राम पंचायत टांगना, ब्लॉक केसला, जिला नर्मदापुरम में ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को आईएसआई मार्क युक्त उत्पादों की पहचान, गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। चौपाल में प्रतिभागियों को बताया गया कि आईएसआई मार्क उत्पादों की गुणवत्ता और उपभोक्ता सुरक्षा की गारंटी देता है। कार्यक्रम में सुरक्षा हेलमेट का उदाहरण देते हुए बताया कि आईएसआई मार्क वाला हेलमेट सड़क दुर्घटनाओं में अधिक सुरक्षित होता है, जबकि बिना आईएसआई मार्क वाला हेलमेट जानलेवा साबित हो सकता है।
इस अवसर पर अलवीरा एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी की ओर से शहाना परवीन खान तथा बीआईएस की आरटीएस सदस्य निधि टांगड़े उपस्थित रहीं। उन्होंने ग्रामीणों को आईएसआई मार्क की पहचान, नकली उत्पादों से बचने के उपाय, और उपभोक्ता अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।








