इनसान के साथ सोना पसंद करता है यह खतरनाक सांप

बंगलिया में मिला, अभिजीत ने जंगल में छोड़ा
इटारसी। शहर में सांपों से मित्रता के लिए पहचाने जाने वाले अभिजीत यादव ने कल रात एक ऐसे जहरीले सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ा जिसे साइलेंट किलर कहें तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। कॉमन करैत प्रजाति का यह सांप भारत की चार प्रमुख सबसे जहरीली प्रजाति में से एक है। अभिजीत ने इसे बागदेव के जंगल में छोड़ दिया है।
अभिजीत को सोमवार की रात 12:30 बजे बंगलिया से सूचना मिली थी कि कमल किशोर के मकान में एक काला सांप देखा गया है। सांप देखकर परिजन डर गए और अभिजीत को फोन लगाया। अभिजीत यादव ने मौके पर पहुंचकर सांप को पकड़ा। अभिजीत अब तक लगभग छह करैत सांप पकड़कर जंगल में छोड़ चुके हैं, जो न्यास कालोनी, नाला मोहल्ला, पुरानी इटारसी, नयायार्ड और बंगलिया में मिले हैं।
अभिजीत का कहना है कि सबसे अधिक जहरीले सांप करैत काले स्लेटी रंग के होते हैं और इसके शरीर पर गोल पट्टियां होती हैं। यह दिखने में यह भले ही सुंदर, शांत और आकर्षक नजर आए, लेकिन यह जानलेवा होता है। यह रात के वक्त यह शिकार पर निकलता है। करैत मुख्य रूप से अपने से छोटे सांप, चूहों और मेंढ़कों का शिकार करता है। करैत के काटने का पता नहीं चलता है। करैत का विष दंत सुई की तरह बेहद पतला और छोटा होता है। इसके काटने से कोबरा या वाइपर की तरह पीडि़त को तेज दर्द नहीं होता। सोते समय इंसान को डसने के चलते कई बार नींद में ही पीडि़त की मौत हो जाती है। करैत ज्यादातर पेट, सीना, गर्दन या फिर सिर पर हमला करता है। ऐसी स्थिति में कई बार सांप के शिकार व्यक्ति की नींद भी नहीं खुलती और उसकी मौत हो जाती है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!