खेड़ा तालाब लबालब, रविवार को बनेगी अगली योजना

इटारसी। नर्मदांचल जल अभियान का पहला प्रोजेक्ट खेड़ा तालाब की सफलता से अभियान से जुड़े सदस्य प्रफुल्लित हैं। वर्षों बाद खेड़ा तालाब के आसपास रहने वालों ने भी तालाब में इतना पानी देखा है। यहां के निवासी नर्मदांचल जल अभियान के सदस्यों के प्रति कृतज्ञ हैं और पूरे साल पानी की किल्लत से बचने की सोच से खुश भी हैं। नर्मदांचल जल अभियान के सदस्यों और प्रशासन के सहयोग से तालाब लबालब भर गया है। अब यहां अगले कदम की तैयारी है।
नर्मदांचल जल अभियान में शामिल शहर के अनेक सामाजिक, स्वयंसेवी संगठन, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों की मेहनत रंग लायी है। बारिश की बूंदों को सहेजकर जमीन में पहुंचाने और जलस्तर बढ़ाने की मंशा से प्रारंभ किया गया अभियान सफल हो रहा है। अपने पहले प्रोजेक्ट खेड़ा तालाब में भरे पानी को देखकर अभियान से जुड़े सभी उत्साहित हैं। आज खेड़ा तालाब में काफी पानी आ चुका है।
इतना पानी है कि यहां के लोग इस बात की उम्मीद करने लगे हैं कि आगामी गर्मी में उनको जलसंकट का सामना नहीं करना पड़ेगा और मवेशियों को भी पीने के लिए पानी की दिक्कत नहीं होगी। कभी समृद्ध रहा खेड़ा तालाब लगातार उपेक्षा के कारण यह जलविहीन होता जा रहा था। नर्मदांचल जल अभियान के अंतर्गत इस तालाब को पहले प्रोजेक्ट के तौर पर लेकर शहर की अनेक संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जब श्रमदान किया तो अभियान ने गति पकड़ी और फिर प्रशासन की मदद से मशीनों से इसकी गहराई करायी गयी। आज तालाब में लबालब पानी भर चुका है। आज नर्मदांचल जल अभियान से जुड़े सदस्यों ने तालाब पर पहुंचकर आागमी योजना पर चिंतन किया। रविवार 18 अगस्त को अभियान से जुड़े सदस्य एक बार फिर उसी तरह से एकत्र होंगे जैसे बड़ी संख्या में श्रमदान के लिए पहुंचे थे। अब तालाब को व्यवस्थित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!