नलकूप बन रहा परेशानी का सबब

इटारसी। नाला मोहल्ला के भगत सिंह नगर में नगर पालिका द्वारा खनन कराए गए नलकूप का उपयोग विवाद के कारण नहीं हो पा रहा है। नगर पालिका ने यहां करीब तीन माह पूर्व सड़क पर नलकूप खनन कराया था। इधर नलकूप के लिए खोदा गया गड्ढा भी दुर्घटना का सबब बन रहा है।
नयायार्ड रोड पर नाला मोहल्ला के भगत सिंह नगर की किराना वाली गली में तीन माह पूर्व नगर पालिका ने नलकूप का खनन कराया था। पार्षद की अनुशंसा पर खनन कराए नलकूप का उपयोग एक विवाद के कारण नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र की जल आपूर्ति के उद्देश्य से खनन कराए इस नलकूप से जल आपूर्ति तो नहीं हो पा रही है, अलबत्ता जिन कामरान खान के मकान के सामने नलकूप खनन कराया है, उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि इसकी फिटिंग भूमिगत होनी चाहिए।
वार्डवासियों का कहना है कि इसका गड्ढा खुला रहने से यह दुर्घटना का सबब बनेगा। तकनीकि तौर पर भी वार्ड के लोगों को इस पर आपत्ति है। दरअसल इसका गड्ढा काफी चौड़ा है। केसिंग पाइप लगने के बावजूद इसके गड्ढे की चौड़ाई ज्यादा होने से यह बच्चों की जान के लिए खतरा बन रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि इसे जल्द से जल्द पाइप लाइन से जोडऩा चाहिए ताकि इससे पेयजल की आपूर्ति हो सके। इस संबंध में पार्षद महेश आर्य का कहना है कि इस नलकूप को शीघ्र ही भूमिगत करके पाइप लाइन से जोड़ दिया जाएगा। बहरहाल उपरोक्त नलकूप फिलहाल समस्या बना है, जिसका समाधान जल्द होता दिखाई नहीं देता है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!