इटारसी। जबलपुर स्थित बरगी डैम के आज सुबह 11 बजे 9 गेट खोल दिए गए हैं। डैम प्रशासन ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि इन गेटों से 1097 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नर्मदा नदी का जलस्तर वर्तमान स्तर से दो से ढाई फीट तक बढ़ जाएगा।
सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट
इस स्थिति को देखते हुए, जबलपुर कंट्रोल रूम ने तत्काल प्रभाव से कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों को निर्देश भेजे गए हैं, उनमें नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, रायसेन, देवास, होशंगाबाद, सीहोर, खंडवा और खरगौन शामिल हैं।
कंट्रोल रूम प्रभारी ने सभी संबंधितों से अनुरोध किया है कि वे जन सामान्य को सुरक्षा की दृष्टि से नर्मदा नदी के घाटों से दूर रहने के लिए सूचित करें। इसके साथ ही, नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने के लिए लाउडस्पीकर या अन्य माध्यमों से एनाउंसमेंट करवाकर चेतावनी देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए नदी के पास न जाएं। यह कदम मॉनसून के मौसम में जल प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। नागरिकों से अपील है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
तवा का एक गेट खुला
इधर तवा बांध प्रबंधन ने गेट की संख्या केवल एक कर दी है। तवा से मिली जानकारी के अनुसार बांध का जलस्तर स्थिर होने से बांध के तीन गेट की जगह केवल एक गेट दो फिट तक खोला रखा है। इससे 100 क्यूमेक पानी तवा नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा 102 क्यूमेक पानी पॉवर हाउस के माध्यम से छोड़ा जा रहा है। इस तरह से बांध से 204 क्यूमेक पानी नदी में जा रहा है।









