दक्षिण उज्जैन के विधायक डॉ. मोहन यादव बने मप्र के नये मुख्यमंत्री

Post by: Rohit Nage

Updated on:

MP: Today the amount of Ladli Brahmin Yojana will be sent to the accounts of women.

भोपाल। उज्जैन दक्षिण से विधायक डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बन गये हैं। भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने सोमवार को विधायक दल के नेता के रूप में मोहन यादव को चुन लिया है, वे पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं।

मध्यप्रदेश में दो उपमुख्यमंत्री सामान्य वर्ग से राजेन्द्र शुक्ला और एससी वर्ग से जगदीश देवड़ा को चुना गया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर विधानसभा के स्पीकर रहेंगे। डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाये जाने के बाद भाजपा के सभी नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होते ही भाजपा मुख्यालय में ढोल नागाड़े बजाये गये। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी भी की।

डॉ. मोहन यादव बीएससी, एलएलबी, एम राजनीतिक विज्ञान, एमबीए पीएचडी शिक्षित हैं। 25 मार्च 1965 को उज्जैन में जन्मे मोहन यादव के परिवार में पत्नी श्रीमती सीमा यादव, दो पुत्र और एक पुत्री है। पर्यटन, संस्कृति, इतिहास, विज्ञान एवं खेलकूद में उनकी रुचि है।

राजनीतिक जीवन

1982 में माधव विज्ञान महाविद्यालय छात्रसंघ के सहसचिव एवं 1984 में अध्यक्ष, 1984 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उज्जैन के नगर मंत्री, 1986 में विभाग प्रमुख, 1988 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सहमंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और 1989-90 में परिषद की प्रदेश इकाई के मंत्री, 1991-92 में राष्ट्रीय मंत्री, 1993-95 में स्वयं सेवक संघ, उज्जैन नगर के सहखंड कार्यवाहक, 1997 में भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, 1998 में पश्चिम रेलवे बोर्ड की सलाहकार समिति के सदस्य, 1999 में युवा मोर्चा के उज्जैन संभाग प्रभारी, 2000-2003 में विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन की कार्य परिषद के सदस्य, भाजपा के जिला महामंत्री, 2004 में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, 2004-2010 में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, 2011-2013 में मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम भोपाल के अध्यक्ष, 2013-2016 में भाजपा के अखिल भारतीय सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के सहसंयोजक, उज्जैन के समग्र विकास हेतु अप्रवासी भारतीय संगठन शिकागो अमेरिका द्वारा महात्मा गांधी पुरस्कार और इस्कान इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा सम्मानित, मध्यप्रदेश में पर्यटन के निरंतर विकास हेतु सन् 2011-2012 एवं 2012-2013 में राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, 2013 में चौदहवी विधानसभा के सदस्य, 2018 में दूसरी बार विधायक और 2 जुलाई 2020 को मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री बने। आज 11 दिसंबर 2023 को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बने।

Leave a Comment

error: Content is protected !!