इटारसी। मध्य प्रदेश के कई जिलों में आगामी 24 घंटों के दौरान भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, मानसून की द्रोणिका अब बीकानेर, कोटा, गुना, दमोह, पेंड्रा रोड, संबलपुर और पुरी से होकर पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है, जिससे राज्य में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
वर्तमान मौसमी प्रणाली विदर्भ और आसपास के क्षेत्रों में 7.6 किमी ऊपर तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो औसत समुद्र तल से दक्षिण-पश्चिम दिशा में ऊँचाई के साथ झुका हुआ है। विदर्भ और पड़ोसी राज्यों व आंतरिक कर्नाटक के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के माध्यम से दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तरी केरल तक एक गर्त बना हुआ है, जो औसत समुद्र तल से 5.8 और 7.6 किमी ऊपर है।
अगले 24 घंटों में वर्षा गरज-चमक की संभावना
अधिकांश स्थानों पर : बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार और पांढुर्ना जिलों में भारी वर्षा और गरज-चमक की संभावना है।
कई स्थानों पर : भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, झाबुआ, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा, मऊगंज, सतना, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
कुछ स्थानों पर : राज्य के शेष जिलों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है, जिनमें विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले शामिल हैं।
चेतावनी, अगले 24 घंटों के दौरान
भारी वर्षा (64.5 – 115.5 मिमी) : नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, छिंदवाड़ा और पांढुर्ना जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
बिजली कड़कने के साथ गरज-चमक: राज्य में कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ गरज-चमक की भी संभावना है।
पिछले 24 घंटों का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान, प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं, शहडोल संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर, भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर, इंदौर, उज्जैन संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। शेष सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा।









