नर्मदापुरम । भारतीय हॉकी टीम के प्रमुख सदस्य और नर्मदापुरम जिले के निवासी डीएसपी विवेक सागर हाल ही में अपने गृह नगर इटारसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला मुख्यालय नर्मदापुरम में पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा से मुलाकात की, जिन्होंने विवेक सागर का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें उनकी हाल की उपलब्धियों के लिए बधाई दी।
विवेक सागर भारतीय हॉकी टीम के एक अहम खिलाड़ी हैं और पुलिस विभाग में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। वे ओलंपिक पदक विजेता और अर्जुन अवार्डी भी हैं। उनकी हाल ही की सफलता ने जिले का नाम रोशन किया है।पुलिस अधीक्षक श्री थोटा ने विवेक सागर के समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि वे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। विवेक सागर ने भी पुलिस अधीक्षक को धन्यवाद दिया और अपने अनुभवों को साझा किया। यह मुलाकात न केवल एक खिलाड़ी का सम्मान था, बल्कि यह भी दर्शाती है कि नर्मदापुरम जिला अपने प्रतिभाशाली नागरिकों को प्रोत्साहित करने में हमेशा आगे रहता है।









