इटारसी। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक युवक हथियार के साथ जंगल में घुस गया। तवा बफर रेंज में शिकार के उद्देश्य से घूम रहे इस युवक की तस्वीर अखिल भारतीय बाघ गणना 2026 के लिए लगाए कैमरा ट्रैप में कैद हो गई। फुटेज सामने आते ही वन प्रबंधन में हडक़ंप मच गया।
आरोपी गिरफ्तार और जेल भेजा गया
फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कल्याण मवासी, निवासी कुकरपानी, जिला छिंदवाड़ा के रूप में की गई। प्रबंधन टीम ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को बैतूल न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
कैमरा ट्रैप से हुआ खुलासा

एसटीआर के डिवीजन ऑफिस में बाघ और वन्य प्राणियों के फुटेज देखने वाली टीम की नजर बंदूक थामे युवक पर पड़ी। डिप्टी डायरेक्टर ऋषभा नेताम खुद तवा बफर के निशान बीट स्थित उस घटनास्थल पर पहुंचीं, जहां कैमरे में संदिग्ध दिखा था। टीम ने फुटेज के आधार पर युवक की जानकारी जुटाई और उसकी पहचान की पुष्टि की। पूछताछ में पता चला कि युवक शिकार के इरादे से बिना लाइसेंसी बंदूक लेकर जंगल में घुसा था।
कानूनी कार्रवाई
एसटीआर के सहायक संचालक आशीष खोपरागढ़े और देलाखारी देनवा बफर रेंज के स्टाफ की मदद से आरोपी को पकड़ा गया। युवक के खिलाफ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध रूप से हथियार लेकर प्रवेश करने का प्रकरण दर्ज किया गया है। डिप्टी डायरेक्टर ऋषभा नेताम ने बताया कि रिकॉर्डिंग के आधार पर युवक को गिरफ्तार किया गया। उसके पास अवैध बंदूक थी और इस अवैध गतिविधि के बाद उस क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
तवा डैम के बैकवाटर से लगे कोर क्षेत्र सुपलई और खामदा बीट से हाल ही में बाघ गणना के लिए लगाए गए 4 कैमरा ट्रैप चोरी हो चुके हैं, जिन्हें टीम अब तक नहीं ढूंढ पाई है। यह वही संवेदनशील इलाका है जहां कुछ समय पहले बाघ का शिकार हुआ था और शिकारी उसका पंजा काटकर ले गए थे। इतने संवेदनशील क्षेत्र और सुरक्षा के कड़े दावों के बावजूद, प्रतिबंधित क्षेत्र में लोगों की अवैध आवाजाही बेखौफ जारी है, जो सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह घटना सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की सुरक्षा में एक बड़ी चूक की ओर इशारा करती है, जिससे वन्यजीव संरक्षण को खतरा उत्पन्न हो सकता है।









