इटारसी। शहर के मालवीयगंज क्षेत्र में पशु क्रूरता का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। कुत्ते को मारने से मना करने पर आरोपियों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि ईंट और डंडों से हमला कर युवक और उसके दोस्त को घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
घटना 1 मार्च 2026 की रात लगभग 9:44 बजे की है। वार्ड नंबर 20, मालवीयगंज निवासी शिवा पिता अनिल गौर 28 वष ने आरोपियों को कुत्ते को पत्थर मारने से मना किया था। इतनी सी बात पर आरोपी भड़क गए और विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने एकजुट होकर शिवा और उसके दोस्त विकास यादव के साथ अभद्रता की। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने ईंट और डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पीडि़त की शिकायत पर इटारसी पुलिस ने 2 मार्च 2026 की शाम को एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने कुल 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, इनमें वंश बहोत, सब्बू लोहारे, राजीव बहोत, सुखराम बहोत तुषार सभी निवासी इटारसी शामिल हैं।







