भोपाल। कोरोना की चौथी लहर ने भारत में भी दस्तक दे दी है। चीन, हांगकांग और सिंगापुर में केस बढऩे के बाद अब भारत के कई राज्यों में संक्रमण के मामले और मौतों में इजाफा देखा जा रहा है। चिंता की बात यह है कि वायरस के चार नए वैरिएंट – जेएन.1, एनबी 1.8.1, एलएफ.7 और एक अन्य वैरिएंट देशभर में फैल रहे हैं। ये वैरिएंट ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट हैं और तेजी से फैलते हैं, हालांकि अधिकतर मामलों में लक्षण मामूली ही देखे गए हैं।
लोगों को कोरोना से जागरूक करने हेतु भोपाल के कलाकारों ने कोविड आधारित शॉर्ट फिल्म आरोग्यम का निर्माण किया है जिसे यूट्यूब, इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर हाल ही मे रिलीज किया। इस फिल्म के निर्देशक विवेक शर्मा ने बताया कि इस शॉर्ट फिल्म की पटकथा सुप्रसिद्ध रंगकर्मी, अभिनेता, निदेशक सुनील सोन्हिया ने लिखी है।
मूवी का मकसद समाज में वैक्सीन के बारे में फैले हुए भ्रम को दूर करना है और लोगों को वैक्सीन लगवाने और कोविद अप्रोप्रियेट बिहेवियर को फॉलो करने के लिए बनाया गया है। इस कहानी में एक छोटे से परिवार को दिखाया गया है जो कि कोरोना से लापरवाही करता रहता है और जब उनके ही घर के सदस्य को कोरोना हो जाता है तो उससे सबक लेकर सब सदस्य वैक्सीनेशन करवाते हंै तथा अन्य को भी प्रेरित करते हैं। साथ ही पहली और दूसरी लहर की भयावता को भी प्रकट किया है।
फिल्म के मुख्य कलाकार सुनील सोन्हिया ने बताया कि तीसरी लहर से संबंधित एक गीत भी फिल्म में डाला गया है। फिल्म में मुख्य भूमिका सुनील सोन्हिया, वंशिका परिहार, शिशिर शर्मा तथा विनीत मिश्रा ने निभाई है। इस शॉर्ट मूवी की सिनेमेटोग्राफी अमन कुमार व आसिफ अनवर ने की है तथा असिस्टेंट डायरेक्टर तमन्ना सिंह हैं। उल्लेखनीय है कि इस शॉर्ट फिल्म की स्क्रीनिंग खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में की जा चुकी है तथा इसे बहुत सराहा भी गया है।

इस फिल्म का पोस्टर फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला, टीवी सीरियल भाभीजी घर पर हैं, के मनमोहन तिवारी उर्फ रोहिताश्व गौर, चरित्र अभिनेता बृजेंद्र काला, लॉफ्टर कलाकार उदय दाहिया, अनुपमा सीरियल की पाखी उर्फ मुस्कान बामने एवं चरित्र अभिनेता अहमद खान तथा मध्यप्रदेश शासन के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विमोचन किया था। इस फिल्म का निर्माण आरके संस प्रोडक्शन वीवीआईपी इंटरप्राइजेज ने किया है।









