भोपाल। भारत सरकार, गृह मंत्रालय (राजभाषा विभाग), नई दिल्ली द्वारा 22 अक्टूबर 2021 को मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र का एक दिवसीय संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मलेन मडगांव, गोवा में आयोजित किया। सम्मलेन में राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न केन्द्रीय संगठनों सहित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों को क्षेत्रीय राजभाषा पुरस्कार प्रदान किये गए।
इस अवसर पर केन्द्रीय कार्यालय पुरस्कार के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, भोपाल को राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने तथा राजभाषा हिंदी में श्रेष्ट कार्य निष्पादन हेतु तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया, जिसे गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा (Minister of State Ajay Kumar Mishra) एवं पर्यटन राज्यमंत्री श्रीपाद नाईक (Minister of State for Tourism Shripad Naik) ने तृतीय पुरस्कार की शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया। यह शील्ड और प्रमाण पत्र आज मंडल कार्यालय में मण्डल रेल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय (Divisional Railway Manager Saurabh Bandopadhyay) ने अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार (Additional Divisional Railway Manager Ashok Kumar) को राजभाषा विभाग के लिए सौंपी।
इस अवसर पर डीआरएम ने इस उपलब्धि के लिए मंडल के सभी विभागों को बधाई दी और कहा कि हम हिंदी भाषी क्षेत्र में काम कर रहे हैं, इसलिए हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि हम सभी भारत सरकार की राजभाषा नीति का पालन करते हुए ज्यादा से ज्यादा काम हिंदी में करें। उन्होंने सभी शाखा अधिकारियों से अपील की कि वह अपने-अपने विभागों में राजभाषा हिंदी में ज्यादा से ज्यादा काम करने पर जोर दें।








