भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल ने एक ताजा आदेश जारी कर वाणिज्य विभाग के 12 कर्मचारियों के स्थानांतरण और पदोन्नति की घोषणा की है। इस आदेश के तहत सहायक मुख्य टिकट निरीक्षकों को उनकी स्वेच्छा और प्रशासनिक आवश्यकताओं के आधार पर नई पदस्थापना दी गई है।
आदेश के अनुसार, सुभाष कुमार और राकेश कुमार धार्मिक को इटारसी से हरदा भेजा गया है, जबकि नितिन कुमार वर्मा और प्रीतम तिवारी को हरदा से इटारसी स्थानांतरित किया गया है। भोपाल और इटारसी के बीच भी बड़े बदलाव हुए हैं। रंजीत कुमार दत्त, अरविन्द कुमार और हरेन्द्र कुमार सिंह को भोपाल से इटारसी भेजा गया है, वहीं ओम प्रकाश मीना, शाकिर शाह और गोपाल गाडगे अब इटारसी से भोपाल में अपनी सेवाएं देंगे।
इसके अतिरिक्त, मनोज कुमार रजक को बीना से भोपाल स्थानांतरित किया है। इसी सूची में शामिल हिमांशु चतुर्वेदी को सीनियर टिकट परीक्षक से पदोन्नत कर सहायक मुख्य टिकट निरीक्षक बनाया गया है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वयं के अनुरोध पर स्थानांतरित होने वाले कर्मचारियों को कोई विशेष भत्ता नहीं मिलेगा। साथ ही, मुख्यालय बदलने वाले कर्मचारियों को नियमानुसार अपना रेलवे आवास भी खाली करना होगा।









