दमोह। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव प्रक्रिया को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। दमोह जिले में आगामी उपनिर्वाचन को पेपरलेस कराने की तैयारी अंतिम चरण में है। इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोग की ब्रांड एंबेसेडर सारिका घारू लगातार जागरूकता अभियान चला रही हैं।
सारिका घारू ने मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पेपरलेस इलेक्शन अब दमोह की नई पहचान बनेगा। उन्होंने इसके लाभ गिनाते हुए बताया कि आईपीबीएम एप के माध्यम से मतदान का डेटा तुरंत उपलब्ध होगा, जिससे मतदान कर्मियों का श्रम और समय दोनों बचेगा।
सोमवार 29 दिसंबर को होने वाले इस निर्वाचन में मतदाताओं ने पर्यावरण बचाने और तकनीक को अपनाने का संकल्प लिया। आयोग के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव और सचिव दीपक सिंह के मार्गदर्शन तथा कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशन में दमोह का यह डिजिटल प्रयोग पूरे देश के लिए एक नजीर बनेगा।









