
महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला
इटारसी। केसला के ग्राम कोटमी रैयत में एक करीब 70 वर्ष की महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला हुआ है। केसला पुलिस के अनुसार महिला बीमार भी थी और उम्र अधिक होने के कारण किसी प्रकार का जोखिम न लेते हुए उसे रैफर किया गया है।
महिला पर हमले की घटना सोमवार सुबह पता लगी तो उसे लहु-लुहान हालत में बेटा-बहू और परिजन सुखतवा लेकर आए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे इटारसी रेफर किया। हालत नाजुक होने से पहले जिला अस्पताल लेकर आए। हालत में सुधार न होने उसे भोपाल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही केसला थाना प्रभारी गौरव बुंदेला टीम के साथ मौका स्थल पर सुबह 10 बजे पहुंचे। मौका मुआयना कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 307 का केस दर्ज किया। घायल महिला कालिया बाई कास्दे निवासी कोटमी रैयत चकपुरा है। उसके बेटा महेश, बहू कलावती घर में व महिला आंगन में सो रही थी। सुबह नींद से जागने पर बेटे महेश ने मां को खून से लथपथ हालत में देखा। जिसके बाद उन्हें सुखतवा लेकर लाया गया।
बड़ी घटना होने से पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौका स्थल पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कुछ साक्ष्य जुटाए। महिला पर हमला क्यों हुआ। इसकी वजह जानने टीम जुटी है। जादू-टोने व सम्पत्ति दोनों ही तरह के एंगल पर टीम लगी है।