इटारसी। पथरोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जमानी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चोरी की एक वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने स्कूल परिसर में लगे सोलर स्टैंड से कीमती सोलर पैनल पार कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमानी में लगे सोलर सिस्टम को निशाना बनाया गया। चोरों ने बड़ी चालाकी से सोलर स्टैंड से 04 नग सोलर पैनल खोल लिए और फरार हो गए। चोरी गए पैनलों की कुल कीमत लगभग 65,000 रुपये बताई जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह चोरी 4 फरवरी की रात से 9 फरवरी की सुबह के बीच अंजाम दी गई। स्कूल प्रबंधन को इसकी भनक लगने के बाद मामले की जांच की गई और अंतत: 2 मार्च को शाम 6:42 बजे थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
विद्यालय के प्राचार्य जायस सोलोमन पिता उमेश डगले, 61 वर्ष, निवासी पलकमती नगर, पुरानी इटारसी की शिकायत पर पथरोटा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।







