पार्टी में महिलाओं की मजबूती की बात कही

जिला महिला कांग्रेस का हुआ सम्मेलन
इटारसी। होशंगाबाद जिला महिला कांग्रेस का सम्मेलन ईश्वर रेस्टोरेंट में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को प्रमुख रूप से प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मांडवी चौहान, पूर्व मंत्री विजय दुबे काकू भाई, प्रदेश महामंत्री श्रीमती सविता दीवान शर्मा, नगर काँग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, पूर्व नपा अध्यक्ष इटारसी अनिल अवस्थी व रवि जायसवाल, पूर्व मंडी अध्यक्ष रमेश बामने, पूर्व नपा अध्यक्ष होशंगाबाद मीना वर्मा, जिला पंचायत सदस्य बाबू चौधरी, प्रदेश महामंत्री महिला काँग्रेस राजलक्ष्मी नायक, जिला महिला काँग्रेस अध्यक्ष माधवी मिश्रा, नगर महिला काँग्रेस अध्यक्ष जिला महामंत्री केलू उपाध्याय ने संबोधित किया।
सम्मलेन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में अराजकता की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री अपनी बहनों और भांजियों की सुरक्षा तक नहीं कर पा रहे।
नगर काँग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर ने कहा कि नोटबंदी के द्वारा मोदी ने पूरे देश की महिलाओं की बचत के पैसे पर डाका डाला और आज महँगाई इस कदर हावी है कि भोजन तो दूर चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है।
पूर्व मंत्री काकू भाई ने कहा कि कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है जो महिलाओं का सम्मान करती है। काँग्रेस ने महिला सशक्तिकरण विधेयक को ससंद में लाने में प्रमुख भूमिका निभायी जिससे महिलाओं को बराबरी का दर्जा मिले। सविता दीवान ने कहा कि आज इंदिरा जी को देश में बड़े सम्मान के साथ देखा जाता है ये काँग्रेस की पहचान है।एक तरफ मोदी जी है जो अपनी पत्नी को निभा नहीं पाये और देश की महिलाओं के हक़ की बात करते हैं।
विजय बाबू चौधरी ने कहा कि भाजपा की रीढ़ आरएसएस में महिलाओं को कोई स्थान नहीं इसी से समझ आता है कि भाजपा महिलाओं के बारे में क्या राय रखती है। रवि जायसवाल ने महिलाओं को एक होकर संगठन को मजबूत करने की बात कही। माधवी मिश्रा ने कहा कि अब सभी महिला कार्यकर्त्ता बूथ स्तर पर घर घर जाकर भाजपा की पोल खोलें।
इस अवसर पर सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा इंदिरा जी एवं राजीव जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्विलत किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनिल रैकवार व पायल रैकवार ने किया वहीं आभार प्रदर्शन दीक्षा सोनी ने किया। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!