भोपाल। मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत दी है। लोक शिक्षण संचालनालय ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है, जिसमें सर्दी के मौसम में गणवेश (यूनिफॉर्म) प्रोटोकॉल की सख्ती को समाप्त कर दिया गया है। यह आदेश प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय (सरकारी और निजी) स्कूलों पर लागू होगा।
संचालनालय द्वारा जारी निर्देश
- अलग रंग/डिजाइन के स्वेटर की अनुमति : यदि कोई छात्र सर्दी के मौसम में यूनिफॉर्म से अलग रंग या डिजाइन का स्वेटर, गर्म कपड़े या जैकेट पहनकर स्कूल आता है, तो उसे कक्षा में आने से वंचित नहीं किया जाएगा।
- रोक लगाने पर प्रतिबंध : डीपीआई ने पाया था कि कुछ स्कूलों में केवल अलग स्वेटर पहनने के कारण छात्रों को क्लास में आने से रोका जा रहा था। इस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
कक्षा में जूते-चप्पल उतारने की बाध्यता खत्म
बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक और बड़ा फैसला लिया गया है।
- जूते-चप्पल पहनकर कक्षा में प्रवेश : सर्दी के मौसम में छात्रों को कक्षा के बाहर जूते या चप्पल उतारने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा।
- स्वास्थ्य सुरक्षा : विभाग ने तर्क दिया है कि जूते-चप्पल उतारने से छात्रों का स्वास्थ्य खराब होने का खतरा रहता है।
आदेश के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
संचालक (डीएस कुशवाहा) द्वारा 18 नवंबर 2025 को जारी इस आदेश में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। यह फैसला बच्चों को ठंड से बचाने और उनकी सेहत को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के उद्देश्य से लिया गया है।









