इटारसी। सामान्य वनमण्डल के मुख्य वन संरक्षक (CCF) अशोक और डीएफओ मयंक गुर्जर के निर्देश पर, एसडीओ मानसिंह मरावी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वन माफिया’ के तहत वन विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को जमानी, जुझारपुर क्षेत्र से एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से सागौन की लकड़ी परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, एसडीओ मानसिंह मरावी के नेतृत्व में इटारसी वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा सहित वन विभाग की टीम ने नाला मोहल्ला रोड और नयायार्ड की तरफ घेराबंदी की।
वन विभाग की टीम को देखते ही सागौन तस्करों को इसकी भनक लग गई और वे नाला मोहल्ला रोड पर अपनी पिकअप गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
एसडीओ मानसिंह मरावी ने बताया कि मौके से जब्त की गई पिकअप में 3 नग सागौन के गोले थे, जिनकी बाजार कीमत 50 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। उन्होंने आगे बताया कि जब्त किए वाहन का चेचिस नंबर मिटा हुआ है, जिससे तत्काल वाहन मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। जब्त वाहन को वन चौकी में खड़ा कर दिया गया है। वन विभाग ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।








