- 4 दिसंबर तक चलेगा गहन अभियान, हर घर का कम से कम 3 बार होगा भ्रमण
नर्मदापुरम। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, मध्य प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 (Special Intensive Revision-2025) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्य प्रदेश संजीव कुमार झा ने बुधवार को कमिश्नर और जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रक्रिया की प्रमुख तिथियां
- प्रारंभ : 28 अक्टूबर (मतदाता सूची फ्रीज)
- ईआरओ/एईआरओ प्रशिक्षण : 3 नवंबर तक
- बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वे (गणना चरण): 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक
- अंतिम प्रकाशन : 7 फरवरी 2026
प्रत्येक पात्र मतदाता हो शामिल
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री झा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में सम्मिलित होने से न छूटे, और अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित कर दिए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि ईआरओ (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक बीएलओ द्वारा अपने क्षेत्र के प्रत्येक घर का कम से कम तीन बार भ्रमण किया जाए। इस पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान वे युवा मतदाता भी अपना नाम सूची में जुड़वा सकते हैं, जो 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके होंगे।
कांग्रेस ने बीएलए से की सहयोग की अपील
जिला कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम ने पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंट से इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहयोग की अपील की है। जिला कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम के अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय और प्रवक्ता अनिल रैकवार ने निवेदन किया है कि सभी सम्मानित बीएलए और कांग्रेसजन इस प्रक्रिया को ध्यान से समझें और अपने-अपने वार्ड तथा क्षेत्र में यह कार्य पूरी सावधानी से संपन्न करवाएं, ताकि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सम्मिलित हो सकें।









