उतार-चढ़ाव : दिन में चटख धूप, सुबह-शाम पड़ रही गुलाबी ठंड

इटारसी। शहर में सर्दी का असर धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से पारा चढऩे के साथ गर्मी महसूस की जा रही है। वहीं सुबह शाम हल्की गुलाबी ठंड का असर अभी बना हुआ है। मौसम विभाग के पिछले तीन दिनों के आंकड़े देखें तो पता चलता है कि पारा धीरे-धीरे ऊपर ही जा रहा है। 20 फरवरी को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम 34.3 डिग्री था। 21 को हालांकि अधिकतम तापमान में कमी आयी लेकिन न्यूनतम तापमान चढ़ गया।
महाशिवरात्रि के दिन न्यूनतम तापमान 21 डिग्री था जबकि अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री पर आ गया था। शनिवार 22 फरवरी को न्यूनतम तापमान में घटकर 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री हो गया। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के सफर में रविवार को न्यूनतम तापमान 16 और अधिकतम 33 डिग्री रहने की संभावना है। सोमवार को न्यूनतम तापमान तो स्थित रहेगा लेकिन अधिकतम तापमान 31 तक आने की संभावना है। इस सप्ताह अधिकतम तापमन 35 डिग्री तक जाने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक नीचे आ सकता है।
पारे की इस चाल को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि ठंड अब विदाई की बेला में है, हालांकि अभी सुबह, शाम और रात का मौसम आंशिक ठंड लिये रहेगा और मौसम का यह संधिकाल सेहत पर भारी पड़ सकता है। अमूमन होली पर्व तक सर्दी का असर बना रहता है। मगर अभी होली पर्व आने में करीबन 18 दिन बाकी है। इस हिसाब से होली तक गर्मी अपनी दस्तक दे सकती है। हालांकि दिन में धूप चटखने से अब गर्मी महसूस की जाने लगी है। जहां लोग सर्दी से बचने धूप का आनंद लिया करते थे, अब यह नहीं कर पा रहे हंै। छांव में भी ठंड का असर नगण्य साबित हो रहा है। शनिवार को भी अलसुबह हल्की गुलाबी ठंड थी। मगर आठ बजे बाद सूर्य की किरणें तीखी महसूस होने लगी।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!