सुरेश दुबे की स्मृति में खेल पत्रकारिता पर पुरस्कार की घोषणा

इटारसी। पूर्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष सुरेश दुबे को कड़ा मानकपुरी जितोझिया भवन में विनम्र श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर मप्र विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सरताज सिंह, प्रदेश के पूर्व मंत्री विजय दुबे काकूभाई, पूर्व विधायक अंबिका प्रसाद शुक्ला, पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा, मप्र तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष सहित वरिष्ठ पत्रकार जम्मू सिंह उप्पल, समाजसेवी हेमंत शुक्ला, सुनील वाजपेयी आदि उपस्थित थे। जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रमोद पगारे ने पूर्व स्वर्गीय दुबे के जीवन पर विस्तार से जानकारी दी और कहा कि इटारसी ने एक अद्भुत व्यक्ति को खो दिया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा स्व. सुरेश दुबे को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे न केवल इटारसी अपितु पूरे नर्मदांचल के सम्मानजनक व्यक्ति थे। दुबे परिवार ने अपना बेटा खोया है, लेकिन इटारसी में एक ऐसा सपूत खो दिया जिसकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती। डॉ. शर्मा ने स्व. सुरेश दुबे की कार्यकुशलता की प्रसन्नता करते हुए कहा कि इटारसी के विकास में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया जो सदैव याद रखा जाएगा। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सरताज सिंह ने कहा कि स्व. दुबे का अनायास जाना हम सबको दुख दे गया उन्होंने कहा कि स्व. दुबे के साथ उन्होंने लंबा समय व्यतीत किया वे एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ समाजसेवी और विकास कार्यो के प्रति समर्पित व्यक्ति थे।
पूर्व मंत्री विजय दुबे काकूभाई ने कहा कि स्व. दुबे ने इटारसी शहर के विकास के लिये अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया और इनके कार्यकाल में किए कार्य सदैव याद रखें जाएंगे। वरिष्ठ पत्रकार जम्मू सिंह उप्पल ने अपनी विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अब कोई दूसरा सुरेश दुबे इटारसी में पैदा नहीं होगा। उन्होंने इटारसी के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कि और समय से पहले वो हमको छोड़कर चले गए। पूर्व विधायक अंबिका प्रसाद शुक्ला ने कहा कि स्व. दुबे ने एक प्रशासनिक अधिकारी के साथ-साथ खेलों के प्रति भी अपना विशेष लगाव रखा और वो इस शहर के लिए बहुत कुछ करके गए हैं जिसे भुलाया नहीं जा सकता। कड़ा मानकपुरी जिझोतिया ब्राम्हण समाज की ओर से होशंगाबाद से आए अरूण दीक्षित ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. दुबे की कमी को समाज कभी पूरी नहीं कर पाएगा।
दुबे परिवार की ओर से आभार व्यक्त करते हुए अजय दुबे ने उपस्थित सभी शुभचिंतकों एवं आए हुए नागरिकों का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने दुख की घड़ी में दुबे परिवार का साथ दिया। अंत में दो मिनट का मौन रखकर स्व. सुरेश दुबे को मौन श्रद्धांजलि दी गई। होशंगाबाद से आए हुए भजन गायकों ने हरिकीर्तन की प्रस्तुति दी। श्रद्धाजंलि सभा का संचालन पत्रकार प्रमोद पगारे ने किया।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!