---Advertisement---

नर्मदापुरम जिले में शाम 5 बजे तक 76.21 फीसद मतदान

By
On:
Follow Us

– सुबह धीमी चली प्रक्रिया ने दोपहर बाद पकड़ी रफ्तार

इटारसी। मध्यप्रदेश सहित नर्मदापुरम जिले की चार सीटों पर विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र में शाम 5 बजे तक 76.21 प्रतिशत मतदान हो चुका है। इनमें सिवनी मालवा में 71 प्रतिशत, होशंगाबाद में 71 प्रतिशत, सोहागपुर में 82 प्रतिशत और पिपरिया विधानसभा में 80 प्रतिशत मतदान हो चुका है। 

जिले में दोपहर 3 बजे तक 62.96 प्रतिशत मतदान हो चुका था। सिवनी मालवा में 63, होशंगाबाद में 57, सोहागपुर में 67 एवं पिपरिया में 64.4 प्रतिशत मतदान हुआ था। 

तीन प्रमुख प्रत्याशी भाजपा के डॉ. सीतासरन शर्मा ने इटारसी और कांग्रेस के गिरिजाशंकर शर्मा ने होशंगाबाद में वोट डाला। निर्दलीय प्रत्याशी भगवती प्रसाद चौरे ने अपने गृह ग्राम निमसाडिय़ा में सुबह सबसे पहले वोट डाला। आज सुबह से मतदान की प्रक्रिया धीमी रही तथा दोपहर 12 बजे के बाद मतदान का प्रतिशत तेजी बढ़ा और मतदान ने रफ्तार पकड़ी। 

दोपहर 1 बजे तक  जिले में 47.54 प्रतिशत मतदान हो चुका था। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और एसपी डॉ. गुरुकरण सिंह सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार और संपूर्ण जिले के अमला शांतिपूर्ण मतदान के लिए जुटा रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए होशंगाबाद विधानसभा में तमिलनाडु पुलिस और भारत तिब्बत सीमा पुलिस का अमला मतदान केन्द्रों पर तैनात रहा। सहायक शिक्षकों को भी विशेष पुलिस अधिकारी का दर्जा देकर ट्रेनिंग के बाद सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था।   

प्रमुख नेताओं ने किया मतदान 

भाजपा प्रत्याशी और विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा ने इटारसी के आठवी लाइन स्थित मराठी शाला में अपनी पत्नी श्रीमती कल्पना शर्मा के साथ मतदान किया। इस अवसर पर मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि जिले की चारों सीटों पर भाजपा जीतेगी साथ ही मध्यप्रदेश में सरकार भाजपा की बनेगी।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष माणक अग्रवाल ने अपनी पत्नी के साथ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजगंज पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। पूर्व मंत्री विजय दुबे काकूभाई, कांग्रेस लीगल सेल के सचिव रमेश के साहू ने परिवार सहित और भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के सह-संयोजक दीपक अग्रवाल ने शासकीय स्टेशनगंज शाला में मताधिकार का प्रयोग किया।  

सभी से मतदान करने की अपील  

इटारसी निवासी दिव्यांग दंपति आलोक शुक्ला और सीमा शुक्ला ने जोश खरोश के साथ लोकतंत्र के इस महोत्सव में हिस्सा लिया। विधानसभा निर्वाचन के तहत आज आलोक शुक्ला ने अपनी धर्मपत्नी के साथ होशंगाबाद विधानसभा अंतर्गत इटारसी के सूखा सरोवर मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर जागरूक नागरिक होने का संदेश दिया।

उन्होंने दिव्यांगों और वृद्धों को जो घर पहुंच मतदान सुविधा उपलब्ध कराई गई थी, उसके लिए जिला प्रशासन का आभार माना। उन्होंने कहा कि हम मतदान केंद्र पर स्वयं जाकर मतदान कर सभी को संदेश देना चाहते हैं कि अगर हम मतदान कर सकते हैं, तो बाकी क्यों नहीं।

उन्होंने मतदान केंद्र पर उपलब्ध व्हीलचेयर सुविधा का भी लाभ नहीं लिया। उन्होंने सभी 18 वर्ष से अधिक के आयु के मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। आलोक शुक्ला ने अपने मोटरगाड़ी में लोकतंत्र का पर्व मनाएंगे, हम सब मतदान करने जाएंगे उल्लेखित कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। 

दिव्यांगों, बुजुर्गों ने किया मतदान 

विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी पीछे नहीं रहे। सभी मतदान केंद्रों पर वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की गई थी। सभी ने उत्साह से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इटारसी के गांधीनगर में 103 वर्ष की बुजुर्ग फूलवती बाई ने मतदान किया। उनको व्हीलचेयर पर मतदान केन्द्र तक ले जाया गया था। इसी तरह से श्रीमती कलावंती मिहानी 102 वर्ष ने भी अपना मतदान किया।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Leave a Comment

error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.