इटारसी। सेठानी घाट स्थित प्राचीन जगदीश मंदिर (Jagdish Mandir Hoshangabad) में आज प्रात: 8 बजे भगवान जगन्नाथ का महास्नान अभिषेक संपन्न हुआ। इस आयोजन के दौरान लकड़ी के तख्त पर भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं को विराजित किया गया था।
यहां कांसे की परांत में मंत्रोच्चार के बीच उन्हें बैठाकर नर्मदा जल से, फिर 51 लीटर दूध, पंचामृत से स्नान कराया। इसके बाद उन्हें नए वस्त्र पहनाए और महाआरती के बाद स्नान से भगवान बीमार हो गये। भगवान को अब कक्ष में विराजित किया है। आषाढ़ शुक्ल पक्ष के दूज को भगवान स्वस्थ होंगे।
कई वर्षों से मंदिर से जुड़ी समाजसेविका श्रद्धा वर्मा ने बताया कि जगदीश मंदिर 700 साल पुराना है। यह प्रतिवर्ष जगन्नाथ महास्नान महोत्सव (Jagannath Mahasnan Festival) मनाया जाता है। स्नान के बाद भगवान बीमार हो जाते हैं, जिनका 18 दिन तक आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज किया जाता है, पर इस बार अमावस्या के कारण 18 की जगह 19 दिन तक इलाज किया जाएगा। तत्पश्चात भगवान स्वस्थ होंगे और रथयात्रा पर निकलेंगे।