पचमढ़ी (नर्मदापुरम)। सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी इन दिनों केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि सुर, ताल और नृत्य के संगम पचमढ़ी महोत्सव के लिए भी चर्चा में है। महोत्सव के तीसरे दिन आर्मी बैंड की अनुशासित धुनों और मुंबई के कलाकारों की जादुई आवाजों ने पर्यटकों को कड़ाके की ठंड में भी थिरकने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक चली इन प्रस्तुतियों ने पचमढ़ी की वादियों को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।
आर्मी बैंड और वीवा डांस ग्रुप का जलवा
कार्यक्रम की शुरुआत आर्मी बैंड की चिर-परिचित और सुमधुर धुनों के साथ हुई। बैंड ने जब देशभक्ति के साथ-साथ सदाबहार फिल्मी गीतों की धुनें छेड़ीं, तो पूरा परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। इसके बाद वीवा डांस ग्रुप के कलाकारों ने अपनी ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विभिन्न नृत्य शैलियों के संगम ने सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुंबई के सुरों ने जीता दिल
महोत्सव का मुख्य आकर्षण मुंबई से आए ‘वॉइस ऑफ इंडिया’ फेम विनती सिंह और दिव्यांश वर्मा की जोड़ी रही। वहीं, वर्सेटाइल सिंगर अनिल नगरूरकर ने 90 के दशक के रोमांटिक गानों से लेकर आधुनिक बॉलीवुड चार्टबस्टर्स की ऐसी झड़ी लगाई कि पर्यटक खुद को झूमने से नहीं रोक पाए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई संगीत की इस महफिल का हिस्सा बना।
स्वाद का तडक़ा और शानदार व्यवस्थाएं
महोत्सव में केवल कान ही नहीं, बल्कि जुबान का भी ख्याल रखा गया है। कार्यक्रम स्थल पर लगे फूड स्टॉल्स पर पर्यटक देसी, विदेशी और स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ उठा रहे हैं। बच्चों के लिए मोमोज और चाऊमीन के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
कड़ाके की ठंड के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा की गई चाक-चौबंद व्यवस्थाओं की पर्यटक जमकर सराहना कर रहे हैं। प्रशासन ने बैठने की पर्याप्त व्यवस्था के साथ-साथ ठंड से बचाव के विशेष इंतजाम भी किए हैं, जिससे सैलानी बिना किसी बाधा के महोत्सव का आनंद ले रहे हैं।
पचमढ़ी डायरी: अब तक क्या हुआ?
- पहला दिन : रंगारंग कार्निवाल और स्थानीय संस्कृति का प्रदर्शन।
- दूसरा दिन : ऋतभंरा कुशवाहा का शास्त्रीय नृत्य और राजा रिचो की स्टैंडअप कॉमेडी।
- तीसरा दिन : आर्मी बैंड, विनती सिंह और अनिल नगरूरकर की संगीतमय शाम।
- पर्यटकों की जुबानी : इस बार भीषण ठंड है, लेकिन पचमढ़ी महोत्सव की ऊर्जा और प्रशासन की व्यवस्थाओं ने हमारा मजा दोगुना कर दिया है। आर्मी बैंड को लाइव सुनना एक अद्भुत अनुभव था।








