इटारसी। अक्सर त्योहारों, छुट्टियों या निजी कार्यों से बाहर जाते समय घर की सुरक्षा को लेकर मन में एक डर बना रहता है। इसी चिंता को दूर करने और चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए नर्मदापुरम पुलिस ने एक अभिनव पहल सजग प्रहरी अभियान : आपका सफर, हमारी सुरक्षा की शुरुआत की है।
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच का यह समन्वय एक सुरक्षित समाज के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।
क्या है सजग प्रहरी अभियान?
यदि आप किसी कार्यवश अपने घर को सूना छोड़कर शहर से बाहर जा रहे हैं, तो अब आपको फिक्र करने की जरूरत नहीं है। बस अपनी यात्रा की सूचना पुलिस को दें, और आपकी अनुपस्थिति में पुलिस आपके घर की निगरानी करेगी।
इस अभियान की मुख्य विशेषताएं
- अस्थायी सीसीटीवी की सुविधा : पुलिस द्वारा अधिकृत वेंडर के माध्यम से आपके सूने घर पर अस्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
- बढ़ाई जाएगी गश्त : सूचना मिलने पर पुलिस आपके निवास क्षेत्र में पेट्रोलिंग को प्राथमिकता देगी।
- गोपनीयता का भरोसा : आपके द्वारा दी गई जानकारी और आपकी यात्रा का विवरण पूर्णत: गोपनीय रखा जाएगा।
- इन क्षेत्रों में लागू : यह सुविधा वर्तमान में नर्मदापुरम शहर, इटारसी, पिपरिया, सोहागपुर कस्बा और सिवनी मालवा कस्बा के लिए उपलब्ध है।
कैसे लें सहायता?
यात्रा पर जाने से पहले नागरिक पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7701052434 पर संपर्क कर पुलिस को सूचित कर सकते हैं।








