इटारसी। तिलक सेंदूर प्राकृतिक तीर्थ स्थल पर रविवार, 12 अक्टूबर 2025 को संडे सोशल फाउंडेशन और तिलक सिंदूर समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस पहल का उद्देश्य आस्था के केंद्र इस स्थल की साफ-सफाई के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
दोपहर 12:30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ तिलक सिंदूर समिति के अध्यक्ष नारायण बाबरिया के उद्बोधन से हुआ, जिन्होंने स्वच्छता के महत्व और एक स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सामूहिक जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर संडे सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष रामसेवक जोठे ने कहा कि, तीर्थ स्थल केवल हमारी आस्था और संस्कृति के केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये पर्यावरण और जैव विविधता के संरक्षण के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी से इन स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।

अभियान के दौरान मंदिर, उद्यान और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक रूप से सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा एकत्र किया। अभियान के समापन पर, उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को तीर्थ स्थल की स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया गया और सभी ने मिलकर स्वच्छता की शपथ ली।
इस कार्यक्रम में उपाध्यक्ष कन्हैया दामले, सचिव वीरेन्द्र यदुवंशी, कोषाध्यक्ष चंदा कामले, संयुक्त सचिव नीतू, मुकेश, भगवान दास बामने, आशीष मालवीय, नरेन्द्र, चन्द्ररेखा, भाग्यश्री, मोना नागवंशी समेत अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।








