इटारसी। चैम्पियंस ट्रॉफी (Champions Trophy) में भारत ( India) की जीत के बाद अतिउत्साहित होकर जिन चार युवकों ने पीपल मोहल्ला (Peepal Mohalla) स्थित मोहम्मदी मस्जिद (Mohammadi Mosque) की मीनार पर सुतली बम फैका था, उनको पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शाम को सैंकड़ों की संख्या में थाने के समाने पहुंचे मुस्लिम समाज के सदस्यों ने युवकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर प्रदर्शन किया है।
उल्लेखनीय है कि भारत की चैम्पियंस ट्रॉफी में जीत के बाद यह घटना हुई थी। एसडीओपी वीरेन्द्र कुमार मिश्रा (SDOP Virendra Kumar Mishra) ने भी कहा कि कुछ अतिउत्साही युवक भारत की जीत के बाद ओवरब्रिज से आतिशबाजी करते हुए गुजर रहे थे, तो एक बम मस्जिद की मीनार पर भी चला गया। मुस्लिम समाज ने इस पर आपत्ति ली थी, इसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
एसडीओपी ने कहा कि किसी को शहर की फिजां नहीं बिगाडऩे दी जाएगी, इन युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। टीआई गौरव बुंदेला (TI Gaurav Bundela) ने कहा कि भारत की जीत से उत्साहित युवकों ने सुतली बम फैंका था, उन चारों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा है।










