- – मध्यप्रदेश में निरंतर विकास के साथ योजनाओं का भी सभी पात्रों को मिल रहा लाभ
- – इंदौर में आयोजित मुख्यमंत्री श्री चौहान के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
- – जिले की 2 लाख 2 हजार 835 लाड़ली बहनों के खाते में एक – एक हजार की राशि अंतरित
- – प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने इटारसी में लगभग 2.50 करोड़ की लागत से बने छत्रपति शिवाजी महाराज बस स्टैंड का किया लोकार्पण
नर्मदापुरम। खनिज साधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। योजना में प्रतिमाह 1000 रुपए की राशि लाडली बहनों के खाते में डाली जा रही है। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। प्रभारी मंत्री श्री सिंह सोमवार को इटारसी में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की द्वितीय किस्त वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने 2.50 करोड़ की लागत से बने छत्रपति शिवाजी महाराज बस स्टैंड का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक नर्मदापुरम डॉ सीतासरन शर्मा, दर्शन सिंह चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। इस दौरान इंदौर में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की द्वितीय किस्त वितरण कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री चौहान के उद्बोधन को देखा और सुना गया। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में जहां विकास की नई इबारत लिखी गई है वही हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को मिला है। मुख्यमंत्री श्री चौहान महिलाओं, किसानों, युवाओं एवं गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। किसानों के हित में भी बड़ा निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि में 2000 रुपए की वृद्धि की गई है। जिससे अब किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत कुल 12000 रुपए की राशि प्रतिवर्ष प्राप्त होगी।

प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से मिली राशि महिलाओं की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में कारगर साबित हो रही हैं। घरों में सब्जी, किराना से लेकर बच्चों के पोषण ,शिक्षा में भी यह राशि उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने इटारसी शहर को नवनिर्मित बस स्टैंड के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि बस स्टैंड में अन्य अधोसंरचनात्मक विकास के लिए आवश्यक राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। योजना अर्थतंत्र को मजबूत बनाने में भी सहायक सांसद राव प्रताप सिंह ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश में 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहने लाभान्वित हो रही है। इटारसी शहर में भी आज 13218 लाडली बहनों को 1 हजार रुपए की दूसरी किस्त मिली है। यह योजना मातृशक्ति के कल्याण के लिए कारगर होने के साथ ही व्यापार को आकर्षित कर अर्थ तंत्र को मजबूत बनाने में भी सहायक है। उन्होंने इटारसी बस स्टैंड के लिए सभी शहर वासियों को बधाई देते हुए कहा कि वीर छत्रपति शिवाजी के नाम पर यह बस स्टैंड का नाम रखना निश्चित ही सराहनीय कदम हैं। देश के गौरवशाली इतिहास से हमें ना केवल प्रेरणा मिलती है बल्कि देश भक्ति की नई ऊर्जा का संचार भी होता हैं।
उन्होंने कहा कि इटारसी शहर को आदर्श शहर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। लगभग 70 से 80 करोड़ की लागत से इटारसी स्टेशन को मॉडल स्टेशन बनाया जाएगा। इटारसी शहर निरंतर विकास की ओर अग्रसर विधायक डॉक्टर शर्मा ने कहा कि इटारसी नगर निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। नगर में विकास कार्यों को और तेजी प्रदान की जाएगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री सिंह के मार्गदर्शन में नर्मदापुरम जिला सहित इटारसी निरंतर प्रगति कर रहा है। पुरानी इटारसी एवं नवीन इटारसी का समान रूप से विकास कर एकीकृत किया गया है। कम लागत में गुणवत्तापूर्ण बना इटारसी बस स्टैंड नगर पालिका अध्यक्ष इटारसी श्री पंकज चौरे ने कहा कि लगभग दो करोड़ पचास लाख की लागत से बना बस स्टैंड इटारसी शहर के लिए बहुत बड़ी सौगात हैं।
क्षेत्र के सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह एवं विधायक डॉ सीतासरन शर्मा के अथक प्रयासों के परिणाम स्वरूप बस स्टैंड का निर्माण संभव हो पाया हैं। बस स्टैंड का निर्माण कम लागत में गुणवत्तापूर्ण हुआ है। कार्यक्रम का संचालन पार्षद श्री राजेंद्र प्रधान द्वारा किया गया। 2 लाख 2 हजार 835 लाड़ली बहनों के खाते में राशि अंतरित मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर में आयोजित मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना कार्यक्रम में जिले की 202835 लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1 – 1 हजार की राशि अंतरित की। जिले की सभी ग्राम पंचायतों और वार्डों में इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री श्री चौहान के उद्बोधन को बड़ी संख्या में लाडली बहनों द्वारा देखा और सुना गया।