---Advertisement---

न्यूजीलैंड ने भारत में 36 साल बाद जीता टेस्ट मैच

By
On:
Follow Us

बेंगलुरु टेस्ट में भारतीय टीम को 8 विकेट से हराया

बेंगलुरु, 20 अक्टूबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को 8 विकेट से हरा दिया। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में पांचवें अर्थात आखिरी दिन मेहमान टीम को जीत के लिए 107 रन बनाने थे, जिसे उसने 27.4 ओवर में 2 विकेट पर 110 रन बनाकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ कीवी टीम ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का अगला मुकाबला 24 अक्टूबर से पुणे में खेला जाएगा।

मैच की पहली पारी में भारतीय टीम मात्र 46 रन पर ही ऑलआउट हो गई थी। जवाब में न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 402 रन बनाए और 356 रन की बढ़त ली। इसके बाद दूसरी पारी में भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की और 462 रन बनाए। इससे भारतीय टीम को 106 रन की बढ़त मिली। इस तरह न्यूजीलैंड को जीत के लिए 107 रनों का लक्ष्य मिला। आखिरी दिन रविवार को लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम को शुरुआत में काफी परेशानी हुई।

भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने अपनी गेंदबाजी से कीवी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। बुमराह ने अपनी दूसरी गेंद पर ही न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को एलबीडब्ल्यू कर पवेलियन भेज दिया। लैथम खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद 35 के स्कोर पर बुमराह ने डेवोन कॉन्वे को एलबीडब्ल्यू कर मेहमान टीम को दूसरा झटका दिया। कॉन्वे ने 17 रन बनाए। हालांकि इसके बाद विल यंग और रचिन रवींद्र ने टीम का कोई और विकेट नहीं गिरने दिया और अपनी टीम को जीत दिला दी। विल यंग 48 रन और रचिन रविंद्र 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

36 साल बाद भारत में जीता टेस्ट मैच

भारतीय टीम के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड ने 36 साल बाद कोई टेस्ट मैच जीता है। ओवर ऑल भारत की धरती पर यह तीसरा टेस्ट मैच जीता है। इससे पहले आखिरी बार 1988 में वानखेड़े में न्यूजीलैंड ने भारत को 136 रन से हराया था। वहीं 1969 में न्यूजीलैंड ने नागपुर में भारतीय टीम को 167 रन से हराया था। इतना ही नहीं वर्ष 2000 के बाद यह पहला मौका है जब किसी मेहमान टीम ने भारत में चौथी पारी में 100+ रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया है।

भारतीय टीम की पहली पारी

मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम पहली पारी में केवल 46 रनों पर सिमट गई थी। भारत की तरफ से ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 20 रन बनाए थे, जबकि पांच बल्लेबाजों ने खाता भी नहीं खोला और तीन बल्लेबाज तीन रनों का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। ऋषभ पंत के अलावा यशस्वी जयसवाल (13) ही दहाई का आंकड़ा छू सके, जबकि विराट कोहली, केएल राहुल, सरफराज खान, रवींद्र जडेजा और रविंचंद्रन अश्विन खाता भी नहीं खोल सके थे। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 5 विकेट झटके, जबकि विलियम ओ’रूर्के ने 4 विकेट लिए, वहीं टिम साउथी को 1 विकेट मिला।

न्यूजीलैंड टीम की पहली पारी

न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 402 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के लिए रचिन रविंद्र ने 134 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने 157 गेंदों का सामना किया और 13 चौके व 4 छक्के लगाए। उन्होंने टिम साउथी के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी भी की, जिसमें साउथी की 65 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी भी शामिल थी। साउथी ने 73 गेंदों का सामना किया और 5 चौके और 4 छक्का लगाया। इन दोनों के अलावा डेवोन कॉन्वे ने 91 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। भारत की तरफ से कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा ने 3-3, मोहम्मद सिराज ने 2, रविचंद्रन अश्विन और जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट लिया।

भारतीय टीम ने दूसरी पारी में बनाए 462 रन

भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 462 रन बनाए। दूसरी पारी में कप्तान रोहित शर्मा और युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। यशस्वी 52 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रोहित ने टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक जड़ा। रोहित अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वह अजीब तरीके से आउट हो गए। दरअसल, रोहित ने गेंद को अच्छे से डिफेंड कर लिया था, लेकिन गेंद पीछे की ओर गई और स्टम्प्स में जा लगी। इस तरह रोहित आउट हो गए। रोहित ने 63 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाए। दो विकेट गिरने के बाद विराट कोहली और सरफराज खान ने पारी को आगे बढ़ाया। इस दौरान सरफराज ने अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। फिर इसके बाद कोहली ने भी पचासा जड़ दिया। इस दौरान कोहली टेस्ट में नौ हजार रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज भी बन गए। कोहली और सरफराज दोनों 100 रन से अधिक साझेदारी कर भारतीय टीम को मुश्किल से निकाल रहे थे, लेकिन तीसरे दिन के खेल की अंतिम गेंद पर कोहली ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हो गए।

सरफराज और ऋषभ पंत ने खेली बेहतरीन पारी

इसके बाद सरफराज खान और ऋषभ पंत ने शुरुआत में संभलकर खेला, लेकिन इसके बाद अपने हाथ खोलने शुरू किये। सरफराज ने 110 गेंदों पर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। पंत ने भी 55 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। भारत ने 71 ओवर में 3 विकेट पर 344 रन बना लिए थे, तभी बारिश शुरू हो गई और अंपायरों ने लंच की घोषणा कर दी। मैच दोबारा जब शुरू हुआ तो पंत और सरफराज ने उसी अंदाज से आगे भी बल्लेबाजी की। दोनों की शानदार साझेदारी से भारतीय टीम का स्कोर दूसरी पारी में 400 रन के पार पहुंच गया। इसके बाद सरफराज ने अपने 150 रन भी पूरे किए। हालांकि इसके ठीक बाद वह आउट हो गए।

सरफराज ने 195 गेंद का सामना करते हुए 18 चौके और 3 छक्कों की मदद से बेहतरीन 150 रन बनाए। सरफराज के आउट होने के कुछ ही देर बाद ऋषभ पंत भी आउट हो गए। पंत नर्वस 90 का शिकार हो गए। वह मात्र एक रन से शतक बनाने से चूक गए और 105 गेंदों पर 9 चौकों और 5 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 99 रन बनाकर आउट हुए। पंत के पवेलियन लौटने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई और दूसरी पारी 462 रन पर सिमट गई। केएल राहुल 12 रन, रविन्द्र जडेजा पांच रन, रविचन्द्रन अश्विन ने 15 रन, कुलदीप यादन ने नाबाद छह रन बनाए। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज खाता खोले बिना आउट हुए। न्यूजीलैंड के लिए दूसरी पारी में मैट हेनरी और विलियम ओ’रूर्के ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि एजाज पटेल ने दो विकेट लिए। टीम साउथी और ग्लेन फिलिप्स ने एक-एक विकेट चटकाया।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Related News

error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.