इटारसी। नई दिल्ली के अकबर रोड स्थित निवास पर नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु की अध्यक्षता में आयोजित एनडीए सांसद समन्वय समूह की महत्वपूर्ण बैठक में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया सम्मिलित हुईं।
दोपहर में हवाई सेवा बढ़ाने पर जोर
बैठक के दौरान सांसद श्रीमती नारोलिया ने मध्य प्रदेश के यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली-भोपाल हवाई मार्ग पर एक मांगपत्र सौंपा। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री से आग्रह किया कि दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच दिल्ली और भोपाल के मध्य एक अतिरिक्त उड़ान सेवा प्रारंभ की जाए। उन्होंने तर्क दिया कि इस समयावधि में विमान उपलब्ध होने से यात्रियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों को काफी सुगमता होगी।
मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सांसद की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने आश्वासन दिया कि इस प्रस्ताव पर तत्काल तकनीकी अध्ययन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।









