निर्माणाधीन प्रज्ञा श्याम सुंदर भवन का साध्वी प्रज्ञा ने किया निरीक्षण
इटारसी। नयायार्ड की सांई नगर कॉलोनी (Sai nagar Colony) में बन रहे प्रज्ञा श्याम सुंदर भवन का गुरूवार को प्रज्ञा मानव कल्याण संस्थान ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं संत महंत डॉ. प्रज्ञा भारतीय ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य की जानकारी ली। कॉलोनी वासियों ने साध्वी प्रज्ञा भारती (Sadhvi Pragya Bharti) का पुष्पहार से स्वागत किया। साध्वी प्रज्ञा भारतीय ने संबोधित करते हुए कहा कि आश्रम बनने के बाद यह सांई नगर कॉलोनी क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी बन जाएगी।
संचालन करते हुए धार्मिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रज्ञा मानव कल्याण संस्थान ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रमोद पगारे ने कहा कि आश्रम निर्माण के लिए नलिन पटैल ने अपने पिता श्याम सुंदर की स्मृति में वर्ष 2006 में यह भूमि ट्रस्ट को दी थी। किन्हीं कारणों से निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया था। अब मां नर्मदा और श्रीराम की कृपा से आश्रम का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है जो लगभग अगले 60 दिनों में पूर्ण हो जाएगा। श्री पगारे ने कहा कि महंत डॉ. प्रज्ञा भारतीय 12 वर्ष की उम्र से उनके निवास पर आती रही हैं और मुझे अपना भाई मानती हैं। बीते 30 जनवरी को सांडिया के मांगरोल नर्मदा घाट पर साध्वी प्रज्ञा भारतीय ने उन्हें आश्रम निर्माण के लिए संकल्प दिलाया। इसके बाद वे अगले ही दिन 31 जनवरी से निर्माण कार्य में लग गए। श्री पगारे ने बताया कि शहर की वृद्ध बेसहारा महिलाओं के लिए यह आश्रम बनाया जा रहा है, जिसमें प्रारंभिक अवस्था में 20 महिलाओं के रहने, खाने सहित समुचित व्यवस्था रहेगी। अगले 60 दिनों में जब यह भवन बनकर तैयार हो जाएगा तो विधायक एवं प्रज्ञा मानव कल्याण संस्थान ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. सीतासरन शर्मा महंत डॉ. प्रज्ञा भारतीय सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में शुभारंभ किया जाएगा। श्री रामचरित मानस के प्रवाचक संतोष सरवरिया ने कहा कि वे अपने बच्चों को विशेष ध्यान रखें। घर में मिले हुए संस्कार ही बच्चों को दिशा प्रदान करते हैं। साध्वी प्रज्ञा भारतीय ने कहा कि खुशी की बात है कि हमारी पीढ़ी को श्रीराम मंदिर बनता हुआ देखने का सौभाग्य मिल रहा है। हमारे बड़े भैया प्रमोद पगारे जो भी संकल्प लेते हंै उसे तन-मन-धन से पूरा करते हंै। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा लगातार सहयोग देते हैं। उनका सपना था कि इटारसी में वृद्ध बेसहारा महिलाओं के रहने के लिए वह एक आश्रय स्थल हो जो डॉ. शर्मा एवं प्रमोद पगारे के सहयोग से संपन्न हो रहा है। कॉलोनी के आदर्श स्कूल संचालक डीपी शुक्ला ने 51 हजार, विनय रविंद्र पाटिल एवं विजय भंगाले ने निर्माण कार्य में 5-5 हजार रूपये की राशि दान दी। प्रमोद पगारे का कॉलोनी वासियों ने पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया। इस अवसर पर साध्वी शिरोमणि, भगवताचार्य पं. देवेंद्र दुबे, मनोज मिश्रा, सौरभ जोशी, गोपाल जोशी, धनराज कुशवाह, घनश्याम तिवारी, राजा पटैल, गणेश चौधरी, बसंत शुक्ला, विनोद बारसे, बहादुर सिंह राजपूत, अमर जोशी, विनय पाटिल, अशोक जोशी, माधुरी पाटिल, अनिता शुक्ला, शोभा चौधरी, निर्मला भंगाले, रचना मिश्रा, उषा श्रीवास, अनिता जोशी, सुशीला नीले, नीमा सोनी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।