इटारसी। विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद आज शाम यहां तुलसी चौक पर नगर भारतीय जनता पार्टी ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करने के लिए एक सभा का आयोजन किया। आभार सभा को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा ने मतदाताओं को आश्वस्त किया है कि विकास की रफ्तार भी नहीं थमेगी और गुंडागर्दी को बढऩे भी नहीं दिया जाएगा। जनता ने शांति की राह चुनी है और इसके लिए उनको सेवक के रूप में चुना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के आशीर्वाद से वे पुन: निर्वाचित हुए हैं, 1990 से लगाता जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। आपने जब भी आशीर्वाद दिया है, हमने निभाने का प्रयत्न किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में उल्टी हवा चलने के बावजूद आपने यहां हवा सीधी चलायी है, इसके लिए वे सभी को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी किसी गलतफहमी में न रहें, प्रदेश की जनता ने बहुमत किसी को नहीं दिया है। उनको भी सरकार बनाने के लिए घुटने टेकने पड़ रहे हैं। प्रदेश की जनता ने हमें कांग्रेस से 47 हजार वोट अधिक दिए हैं, लेकिन हमारे कुछ उम्मीदवार काफी कम मतों के अंतर से हारे, इसलिए हमारे पास संख्या बल कम पड़ गया है। उन्होंने जनता से कहा कि चिंता नहीं करें, विकास का जो पहिया चल पड़ा है, वह थमेगा नहीं। विकास तो नगर पालिका ही करेगी, हम तो राज्य सरकार से पैसा लाकर देंगे। हमारी सरकार थी तब भी और कांग्रेस सरकार है, तब भी हम पैसा लाकर विकास कार्य पूरे करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभी हमने होशंगाबाद में जीत दिलायी है, 2019 में होशंगाबाद से नरसिंहपुर तक कमल खिलाना है और नरेन्द्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाना है। डॉ. शर्मा ने कहा कि वे किसी को निराश नहीं करेंगे।
आभार सभा को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विश्वनाथ सिंघल, नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष जयकिशोर चौधरी, भारतीय जनता युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष राहुल चौरे ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा नगर अध्यक्ष डा.नीरज जैन ने एवं आभार प्रदर्शन नपा उपाध्यक्ष अरुण चौधरी ने किया।
इससे पूर्व नपा उपाध्यक्ष अरुण चौधरी, विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मनजीत कलोसिया, एमजीएम कालेज जनभागीदारी समिति अध्यक्ष पंकज चौरे, हंस राय, अशोक लाटा, भरत वर्मा, देवेन्द्र पटेल, बीबी गांधी, अयूब खान, नेपाल चक्रवर्ती, पाली बतरा, छोटे भैया चौधरी, राजा तिवारी, संतोष राजवंशी, मुर्तुता खान, मुस्तफा खान, महिला मोर्चा से दीपाली शर्मा, भारती पांडे, दिव्या बस्तवार, प्रिया मैना, विधि पचौरी, ममता मालवीय, सीमा पांडे, मुमताज बी, कमला तिवारी, सुमन उसरेटे, अनिता शुक्ला, शीतल दुबे, रचना मिश्रा, नीतू सेन, मधु बड़कुर विमला चौधरी, ज्योति बाजपेयी, सुशीला चांडक, निर्मला लखोटिया, पुष्पा रावत सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से डॉ. शर्मा का स्वागत किया।
Click to rate this post!
[Total: 0 Average: 0]
नहीं थमेगी विकास की रफ्तार : डॉ. शर्मा
For Feedback - info[@]narmadanchal.com