इटारसी। भारतीय मोदी आर्मी ने नगर रक्षा समिति के सदस्यों का कोरोना संकटकाल में पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवाएं देने पर उनका स्वागत किया। इस दौरान फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन किया। उनको पुष्पगुच्छ प्रदान किये और कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति ने सभी सदस्यों एवं इटारसी में सभी हॉटस्पॉट पॉइंट पर एवं थाना में उपस्थित सभी पुलिस कर्मियों को चाय का वितरण किया। नगर रक्षा समिति के सदस्य गौरव बाथव ने बताया कि हम लगभग 45 दिनों से 24 घंटे नगर पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर शहर की सुरक्षा में निस्वार्थ भाव से तैनात हैं। हम अपने शहर को स्वस्थ रखने के लिए पूरे प्रयास में लगे हुए हैं। हम बहुत जल्द ही अपनी इटारसी को फिर मुस्कुराते हुए देखेंगे। प्रदेश संगठन मंत्री अनुराग देव गुप्ता ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में पुलिस के साथ ड्यूटी दे रहे सभी नगर रक्षा समिति के सदस्यों के लिए भी राहत पैकेज की व्यवस्था की जाना चाहिए। क्योंकि यह भी उन सभी कोरोना योद्धाओं में से एक ऐसे योद्धा हैं जो दिन रात अपनी जान की परवाह किए बिना उन हॉटस्पॉट पॉइंटो पर ड्यूटी दे रहे हैं, जहां का एक-एक पल खतरे से खाली नहीं है।